बस हाईवे से नदी में गिरी 18 की मौत नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार देर रात एक बस हाईवे से नदी में गिर गई। नेपाली मीडिया के मुताबिक हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 घायल हैं। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक शामिल हैं। हालांकि यह किस देश से थे और इनके नाम अभी सामने नहीं आए हैं। आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) के मुताबिक अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं। बाद में एक अन्य यात्री की मौत की पुष्टि हुई जिससे मृतकों का आंकड़ा 18 हो गया। हादसे में घायल लोगों को रेस्क्यू कर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अब तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। तेजस विमान का ब्रेक फेल रनवे से आगे निकला इंडियन एयर फोर्स (IAF) का हल्का लड़ाकू विमान तेजस लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया। शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। घटना 7 फरवरी की है। जानकारी अब सामने आई है। विमान ट्रेनिंग उड़ान के बाद एयरबेस पर लौट रहा था। लैंड करते ही पायलट ने ब्रेक लगाने की कोशिश की। जब ब्रेक नहीं लगा तो विमान रनवे से बाहर निकल गया। दुर्घटना से पहले पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया। विमान को नुकसान पहुंचा है। हादसा किस एयरबेस पर हुआ ये जानकारी सामने नहीं आई। दिल्ली में अरुणाचल की 3 महिलाओं पर नस्लीय कमेंट दिल्ली के मालवीय नगर में किराए पर रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की 3 महिलाओं पर नस्लीय कमेंट और गाली-गलौज किया गया। घटना 20 फरवरी की है जानकारी अब सामने आई है। दरअसल पूरा विवाद गंदगी फैलाने को लेकर हुआ था। जिसके बाद पड़ोसियों ने नॉर्थईस्ट की महिलाओं को मोमो कहा। स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं हैं। सूचना मिलते ही स्कूल परिसर खाली करा लिया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। दिल्ली पुलिस बम निरोधक दस्ता डॉग स्क्वायड और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस लिए टोंक के पूर्व बीजेपी सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने कंबल वितरण कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस ले लिए। जौनापुरिया ने कहा-जो मोदी को गाली देता है उसे ये कंबल लेने का हक ही नहीं है। पूर्व सांसद कंबल बांट रहे थे तभी एक महिला से उसका नाम पूछा। सकुरान खान सुनते ही भड़क गए कहा- हट एक तरफ कंबल यहीं छोड़ दो। एमपी समेत 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट देश में फरवरी के आखिरी हफ्ते में 3 तरह का मौसम चल रहा है। उत्तर भारत में बर्फबारी और कोहरे का असर है। मैदानी राज्यों में दिन का टेम्परेचर 34°C से ज्यादा पहुंच चुका है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के कारण आज मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ समेत पूर्व-पश्चिम भारत के 10 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट है।