मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग और जगदलपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। दुर्ग में वे अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे जिसमें जनप्रतिनिधि मंत्री और अधिकारी क्षेत्र के विकास पर चर्चा करेंगे। इसके बाद शाम 5:25 बजे जगदलपुर के कुम्हडाकोट में जनजातीय गौरव वाटिका के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और सर्किट हाउस में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर सीएम साय ने कहा कि उनका दौरा महत्वपूर्ण है और बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह देखा जा रहा है। सीएम विष्णु देव साय ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगी। वे बस्तर पंडुम के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। डायल 112 सेवा के वाहन चालकों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है। नौकरी से निकाले जाने के विरोध में प्रदेशभर के चालक राजधानी रायपुर में गृह मंत्री विजय शर्मा के निवास पहुंचे और उनसे मिलने की मांग की। चालक ABP कंपनी के कर्मचारी हैं और नए नियमों से नाराज हैं जिनमें केवल 10वीं पास चालकों को ही रखने का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में करीब 250 चालक 5वीं-8वीं पास हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर चालकों ने परिवार सहित गृह मंत्री निवास के सामने धरने की चेतावनी दी है। छत्तीसगढ़ के राजिम कुंभ कल्प में 100 साल की रामकली अपनी करीब 6 फीट लंबी जटाजूट के कारण श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बेलटुकरी गांव की रहने वाली रामकली राजीव लोचन मंदिर परिसर में बैठती हैं जहां उनकी लंबी बालों की लट देखकर लोग आश्चर्य जताते हैं। रामकली बताती हैं कि बचपन से ही यह जटा है और वे इसे भोलेनाथ का प्रसाद मानती हैं। ऐसे लोक आकर्षणों से राजिम कुंभ मेला श्रद्धालुओं के लिए आस्था और अनूठे अनुभवों का संगम बनता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने राजीव भवन में प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम काटने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया को जटिल बनाकर गरीब ग्रामीण अल्पसंख्यक और बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान अधिकार से वंचित किया जा रहा है। साहू ने अभनपुर विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए दावा किया कि करीब 719 जीवित मतदाताओं के नाम गलत शिकायतों के आधार पर हटाए जा रहे हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच दोषियों पर कार्रवाई और सभी पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल करने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।