साधुओं को पीटा बाल खींचे-जमीन पर पटका भीड़ के सामने जाति-धर्म के पूछे सवाल मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक युवक ने धार्मिक पहचान को लेकर 2 कथित साधुओं को बेरहमी से पीटा। युवक ने थप्पड़ मारे उनके बाल खींचे और जमीन पर पटक दिया। उसने भीड़ के सामने उन्हें गालियां भी दीं। उनकी जाति के बारे में पूछा और सबूत मांगा कि वे ब्राह्मण हैं कि नहीं।दरअसल बायपास क्षेत्र में 2 कथित साधु भगवा चोला पहने हुए भिक्षा मांग रहे थे। इस दौरान एक स्थानीय युवक मौके पर पहुंचा। दोनों साधुओं से सवाल-जवाब करने लगा। साधु सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए जिससे युवक भड़क गया। इस दौरान युवक ने नकली साधु बताते हुए मारपीट की। वीडियो में युवक यह कहते हुए भी नजर आ रहा है कि साधुओं के पास मौजूद कुछ दस्तावेज उर्दू भाषा में लिखे हुए हैं। उसने सवाल उठाया कि अगर वे हिंदू साधु हैं तो उर्दू में लिखे कागजात क्यों रखे हैं। फ़िलहाल पुलिस द्वारा साधुओं और आरोपी की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्राह्मणों को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों और उन्हें जातिवादी विचारधारा में लपेटने के मामलों पर पूर्व अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि ब्राह्मणों को जबरन जातिवाद के दायरे में लाया जाता है जबकि ब्राह्मण कोई जाति नहीं बल्कि एक वर्ण है। पूर्व IAS मनोज श्रीवास्तव बोले- ब्राह्मण जाति नहीं वर्ण हैं रिटायर्ड आईएएस और पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा कि यदि ब्राह्मणों को जाति की अवधारणा पसंद होती तो स्वयं ब्राह्मणों के भीतर भी वैसी ही उपजातियां होतीं जैसी आरक्षित वर्गों में देखने को मिलती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ब्राह्मण जाति से नहीं गोत्र से चला है। श्रीवास्तव ने लिखा कि जाति और गोत्र में बुनियादी अंतर है। जाति एक सामाजिक व्यवस्था है जबकि गोत्र पैतृक व्यवस्था है। भारद्वाज कश्यप अत्रि विश्वामित्र वशिष्ठ गौतम और जमदग्नि जैसे गोत्र हैं। गोत्र व्यवस्था सगोत्र विवाह का निषेध करती थी जबकि जाति व्यवस्था अपनी ही जाति में विवाह को बढ़ावा देती है। शहडोल में करंट लगने से दो बाघों की मौत शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में करंट लगने से रविवार रात एक नर और एक मादा बाघ की मौत हो गई। करपा बीट क्षेत्र में हुई इस घटना से वन विभाग सकते में हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की गई। वन विभाग को रविवार रात सर्किल मसिरा के आरएफ 382 क्षेत्र के पास एक बाघ का शव मिलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच के दौरान सोमवार तड़के उसी क्षेत्र में एक बाघिन का शव भी बरामद हुआ। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में एक-दूसरे के नजदीक पाए गए जिससे यह पुष्टि हुई कि उनकी मौत एक ही घटना में हुई है। नर्मदा बचाओ आंदोलन को लेकर मछुआरों की नाव रैली बड़वानी में नर्मदा बचाओ आंदोलन के तहत विस्थापित मछुआरों ने अपने अधिकारों की मांग को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने किया। मछुआरों ने कसरावद से राजघाट तक नर्मदा नदी में एक विशाल नाव रैली निकाली। इसमें 30 से अधिक नावों में सैकड़ों लोग सवार थे। रैली के जरिए उन्होंने सरकार का ध्यान अपनी लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया। रैली के बाद मछुआरा संगठनों की ओर से कलेक्टर बड़वानी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा। राज्यसभा में उठा इंदौर में दूषित-पानी से मौत का मामला इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 29 से अधिक मौतों का मामला राज्यसभा में गूंजा है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने सदन में इस मामले को उठाते हुए कहा है कि पानी सबसे गंभीर विषय है और जहरीला पानी सरकार पिला रही है इसमें कोई दो राय नहीं है। तिवारी ने कहा कि इस विभाग में जितना करप्शन है शायद किसी और विभाग में उतना करप्शन नहीं है। इसलिए इस पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इसकी कार्ययोजना से अवगत कराएं। ग्वालियर में तीसरी कक्षा का बच्चा फांसी पर लटका मिला ग्वालियर में 10 साल के तीसरी कक्षा के बच्चे का शव फांसी पर लटका मिला है। पिता के ड्यूटी पर जाने के बाद बच्चा घर में अकेला था। उसी मकान में किराए से रहने वाले पिता के दोस्त ने जब बच्चे को देखने के लिए दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अंदर जाकर देखा तो बच्चा बेड पर लगी कील से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।इसकी सूचना तत्काल बच्चे के पिता को दी गई। घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के गड्ढे वाले मोहल्ले की गली नंबर-1 की है। रविवार शाम 6:50 से रात 8:41 के बीच की है। पिता ने जताई हत्या की आशंका जताई है। अशोकनगर आगर-मालवा टीकमगढ़ में बारिश प्रदेश में एक बार फिर से आंधी ओले और बारिश वाला मौसम है। सोमवार सुबह अशोकनगर आगर-मालवा टीकमगढ़ में बारिश हुई। वहीं कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। हालांकि ठंड का असर कम है और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर ही चल रहा है।