केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान छत्तीसगढ़ दौरे पर किसानों और युवाओं से संवाद करेंगे। रायपुर लौटकर वे मंत्रालय में उच्च स्तरीय बैठक लेंगे जिसमें राज्य की कृषि का रोडमैप तैयार करने पर फोकस रहेगा। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कका और बाबा के बीच विवाद था अब प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच लड़ाई चल रही है जिसमें कार्यकर्ता पिस रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अच्छी योजनाओं का भी विरोध करती है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भूपेश सरकार के समय मनरेगा में केवल मिट्टी खोदकर एक जगह से दूसरी जगह ले जाने का काम हुआ जबकि जी राम जी योजना से किसानों और मजदूरों को आगे बढ़ाने का काम होगा। योजना पंचायत स्तर पर तैयार होगी जिससे गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचकर बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी ब्लास्ट में घायल पुलिस जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों का हाल-चाल जाना चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और परिजनों से भी चर्चा की। उपमुख्यमंत्री ने घायल जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि शासन-प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि जवानों के बेहतर इलाज के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ। बता दे कि 25 जनवरी को कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक के बाद एक छह आईईडी विस्फोट हुए थे जिसमें डीआरजी के 12 जवान घायल हो गए थे। सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया। इनमें से 6 जवानों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है जबकि शेष की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में अब वाहन शुल्क देना अनिवार्य होगा। रायपुर नगर पालिका निगम ने करीब एक माह पहले ही वाहन शुल्क संबंधी सूचना बोर्ड लगा दिए थे। इस संबंध में महापौर मीनल चौबे मरीन ड्राइव पहुँचीं और लोगों से वाहन शुल्क देने की अपील की। महापौर ने स्पष्ट किया कि सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए आने वाले लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा लेकिन शाम के समय घूमने आने वाले और क्षेत्र में रुकने वाले वाहनों पर शुल्क लागू होगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ और बेतरतीब पार्किंग के कारण यह निर्णय लिया गया है। बात दे कि मरीन ड्राइव शहर का सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला इलाका है जहाँ बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ घूमने और चौपाटी का आनंद लेने आते हैं। निगम के इस फैसले को लेकर आम जनता में नाराजगी देखी जा रही है। वहीं यह भी स्पष्ट किया गया है कि वाहन शुल्क लेने के बावजूद वाहन चोरी की जिम्मेदारी नगर निगम की नहीं होगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने शराब घोटाला मामले में जेल में बंद कवासी लखमा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में कहा कि लखमा से अच्छी चर्चा हुई है और उन्हें पूरा भरोसा है कि फरवरी माह में न्यायालय से उन्हें जमानत मिल जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यह न्यायालय की प्रक्रिया है और पार्टी को उस पर विश्वास है। लखमा के स्वास्थ्य को लेकर पूछे गए सवाल पर बैज ने कहा कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है लेकिन जमानत मिलने के बाद उनका रूटीन चेकअप कराना जरूरी होगा।