1 अप्रैल से सभी टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस देशभर के टोल प्लाजा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। 1 अप्रैल से सभी टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस हो जाएंगे। नए नियम लागू होने के बाद वाहन चालकों को टोल टैक्स चुकाने के लिए केवल FASTag या UPI पेमेंट का ही उपयोग करना होगा। सरकार का उद्देश्य टोल पर लगने वाले जाम को कम करना पारदर्शिता बढ़ाना और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना है। 2. चांदी की कीमत ने बनाया नया रिकॉर्ड कीमती धातुओं के बाजार में चांदी ने नया रिकॉर्ड बना लिया है। लगातार चौथे दिन तेजी के बाद चांदी की कीमत 4378 रुपए बढ़कर 281890 रुपए प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 14 जनवरी को चांदी की कीमत 277512 रुपए प्रति किलो थी। निवेशकों और उद्योग जगत में इस तेजी पर खास नजर बनी हुई है। 3. अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी पर सरकार की सबसे बड़ी कार्रवाई सरकार ने देश में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 242 वेबसाइट्स के लिंक ब्लॉक करने के आदेश दिए हैं। ‘ऑनलाइन गेमिंग एक्ट’ बनने के बाद यह अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 7800 से ज्यादा अवैध सट्टेबाजी और जुआ वेबसाइटों को बंद किया जा चुका है। सरकार का मकसद युवाओं को वित्तीय और सामाजिक नुकसान से बचाना है। 4. न्यूट्रास्यूटिकल्स इंडस्ट्री में भारत की बड़ी छलांग स्वस्थ जीवनशैली की बढ़ती जागरूकता के चलते दुनियाभर में न्यूट्रास्यूटिकल्स और डायटरी सप्लीमेंट्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस सेक्टर का वैश्विक बाजार 350 अरब डॉलर से अधिक का हो चुका है। भारत ने 2035 तक न्यूट्रास्यूटिकल्स इंडस्ट्री को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है जो देश की हेल्थ और वेलनेस अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है। 5. स्टार्टअप इंडिया: जोखिम से राष्ट्र निर्माण तक नेशनल स्टार्टअप डे के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की जोखिम लेने की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि देश के जरूरी कार्यों में जोखिम उठाना आवश्यक है। उनका यह बयान भारत की बदलती आर्थिक सोच को दर्शाता है। बीते एक दशक में ‘स्टार्टअप इंडिया’ पहल ने युवाओं को नौकरी खोजने वाले से नौकरी देने वाला बनाया है। यह पहल भारत के आर्थिक भविष्य की मजबूत नींव और नई उद्यमशील पीढ़ी का प्रतीक बन चुकी है।