2025: भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था साल 2025 भारत की अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक रहा। भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल किया। दूसरी तिमाही में GDP ग्रोथ 8.2% रही। नवंबर में खुदरा महंगाई गिरकर 0.71% पर आ गई जबकि बेरोजगारी दर घटकर 4.7% रही जो अप्रैल 2025 के बाद सबसे निचला स्तर है। ऊंची ग्रोथ और बेहद कम महंगाई के इस दौर को अर्थशास्त्री ‘गोल्डिलॉक्स पीरियड’ बता रहे हैं। फ्री स्कीम का साइड इफेक्ट: राज्यों की वित्तीय सेहत बिगड़ी मुफ्त योजनाएं और सब्सिडी राज्यों में सत्ता का अहम हथियार बन चुकी हैं लेकिन इससे राज्यों की वित्तीय स्थिति कमजोर हो रही है। कई राज्यों के पास जरूरी बुनियादी ढांचे के लिए धन नहीं बच रहा। पंजाब जैसे राज्य के हाथ खर्च के लिए सिर्फ 7% राशि बचती है जबकि उसे भारी कर्ज चुकाना है। राजस्थान भी कर्ज के बोझ से दबा है और मूलधन चुकाने के लिए नया कर्ज लेना पड़ रहा है। नए साल से पहले धार्मिक–पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ नए साल के स्वागत से पहले देशभर के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। अयोध्या और काशी में दर्शन के लिए 2 किलोमीटर तक लंबी कतारें लगी हैं। उज्जैन के महाकाल लोक में पहले दिन 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। जैसलमेर में 10 साल की सबसे ज्यादा भीड़ दर्ज की जा रही है। चमोली सुरंग हादसा: 100 से ज्यादा मजदूर घायल उत्तराखंड के चमोली जिले में पीपलकोटी स्थित THDC जल विद्युत परियोजना की सुरंग में दो लोको ट्रेनों की टक्कर से बड़ा हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 100 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं जिनमें 5 की हालत गंभीर है। घायलों में अधिकतर बिहार ओडिशा और झारखंड के रहने वाले हैं। सभी को समय पर बाहर निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया। भारत-पाक तनाव पर चीन के दावे को भारत ने नकारा चीन ने दावा किया है कि उसने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव कम कराने में भूमिका निभाई थी। चीन के विदेश मंत्री वांग यी के इस बयान को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया है। भारत ने स्पष्ट किया कि मई में हुए सैन्य टकराव को रोकने में किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं थी। खालिदा जिया का अंतिम संस्कार आज भारत से जयशंकर होंगे शामिल बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और BNP प्रमुख खालिदा जिया का आज ढाका में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन पर तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि देंगे। सऊदी अरब–UAE तनाव बढ़ा यमन में हवाई हमला खाड़ी देशों में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। सऊदी अरब ने यमन के मुकाला पोर्ट पर बमबारी की है। सऊदी अरब का आरोप है कि UAE से आए जहाजों के जरिए हथियार उतारे जा रहे थे। UAE ने इन आरोपों से इनकार करते हुए संयम बरतने की अपील की है। दोनों देश यमन में अलग-अलग गुटों का समर्थन कर रहे हैं।