1. RSS का शताब्दी वर्ष PM मोदी का संदेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयंसेवकों को बधाई दी। पीएम मोदी ने अपने लेख में कहा कि RSS अनादि राष्ट्र चेतना का पुण्य अवतार है। उन्होंने लिखा कि यह हमारी पीढ़ी का सौभाग्य है कि हमें संघ के शताब्दी वर्ष जैसे अवसर को देखने का अवसर मिल रहा है। 2. नागपुर में मोहन भागवत का संबोधन नागपुर में विजयादशमी पर आयोजित RSS के शताब्दी समारोह में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा कि हमें अपनी सुरक्षा के प्रति और अधिक सजग और समर्थ रहना होगा। उन्होंने कहा कि इस घटना से हमें अपने दोस्त और दुश्मन की पहचान हो गई। इस कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि रहे। 3. रूस के राष्ट्रपति पुतिन आएंगे भारत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर 2025 में भारत का दौरा करेंगे। वे 5 या 6 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे। इस यात्रा से भारत-रूस संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद है। पुतिन आखिरी बार 2021 में नई दिल्ली आए थे। 4. अमेरिका में शटडाउन का संकट अमेरिका में शटडाउन शुरू हो गया है जिससे शिक्षा पर्यावरण और अन्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने चेतावनी दी है कि यदि शटडाउन कुछ हफ्तों तक चला तो लाखों कर्मचारियों को नौकरी से निकालना पड़ सकता है। व्हाइट हाउस और संसद के बीच गतिरोध के चलते देश में अनिश्चितता का माहौल है। 5. भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को पहले यूथ टेस्ट मैच में पारी और 58 रनों से मात दी। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी और वेदांत त्रिवेदी ने शतक जड़े। इससे पहले भारतीय टीम वनडे सीरीज में भी 3-0 से जीत चुकी है। इस तरह भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज की है।