मोदी ने लाल-किले से पहली बार RSS की तारीफ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का जिक्र किया। उन्होंने 79वें स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में कहा की आज गर्व के साथ मैं इस बात का जिक्र करना चाहता हूं कि 100 साल पहले एक संगठन आरएसएस का जन्म हुआ। 100 साल की राष्ट्र सेवा गौरवपूर्ण है। आरएसएस ने व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर 100 साल मां भारती के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। सेवा समर्पण संगठन और अप्रतिम अनुशासन जिसकी पहचान रही है ऐसा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा NGO है। राउत बोले- उद्धव और राज साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे महाराष्ट्र में मराठी भाषा के मुद्दे पर पिछले महीने एक मंच पर आए उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे गठबंधन करने जा रहे हैं। कुछ महीनों बाद होने वाले स्थानीय और नगर निकाय चुनाव में दोनों पार्टियां एक साथ चुनाव लड़ेंगी।नासिक में शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका (BMC) का चुनाव तो हम साथ लड़ेंगे ही इसके अलावा ठाणे कल्याण-डोंबिवली नासिक समेत कई अन्य शहरों की महापालिका चुनाव में भी गठबंधन की ताकत दिखेगी। मुंबई में लैंडस्लाइड में 2 की मौत मुंबई में शुक्रवार रात से तेज बारिश हो रही है। कई इलाकों में 2-4 फीट तक पानी भर गया है। विक्रोली इलाके में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक 213 mm बारिश हुई है। यहां जनकल्याण सोसाइटी के वर्षा नगर इलाके में विक्रोली पार्क साइट में लैंडस्लाइड हुआ। घटना में 2 लोगों की मौत हुई है 2 घायल हैं। 17 अगस्त को मुहर लगेगी उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA कैंडिडेट के नाम पर 17 अगस्त को मुहर लगेगी। सूत्रों के हवाले से बताया कि भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक रविवार शाम 6 बजे होगी इसमें उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का नाम फाइनल किया जा सकता है। आज देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्म उत्सव की धूम है। 10 लाख भक्त वृंदावन में मौजूद हैं। बांके बिहारी मंदिर के बाहर लंबी लाइनें हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी को अर्पित होने वाली पोशाक को 6 महीने में मथुरा के कारीगरों ने तैयार किया है। इसमें सोने-चांदी के तारों का इस्तेमाल किया गया है। कपड़े में इंद्रधनुष के 7 रंगों को रखा गया है। इसको पहनकर ठाकुरजी दिव्य और अलौकिक दिखेंगे। ट्रम्प-पुतिन के बीच 3 घंटे बैठक कोई डील नहीं हुई रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने अलास्का में मुलाकात की। उनके बीच यूक्रेन जंग खत्म करने पर करीब 3 घंटे मीटिंग हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने सिर्फ 12 मिनट की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रम्प ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारी बैठक बहुत सकारात्मक रही। हमने कई बिंदुओं पर सहमति जताई लेकिन कोई डील नहीं हुई। कोई समझौता तभी होगा जब वह अंतिम रूप लेगा। खालिस्तानी समर्थकों ने तिरंगा फहराने से रोका ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर स्वतंत्रता दिवस मना रहे भारतीय नागरिकों को खालिस्तानी समर्थकों ने रोकने की कोशिश की और हंगामा किया। द ऑस्ट्रेलिया टुडे के मुताबिक भारतीय नागरिक शांतिपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मना रहे थे तभी कुछ खालिस्तानी समर्थकों ने झंडे लहराकर और परेशान करके माहौल खराब किया।