एअर इंडिया की फ्लाइट 3 घंटे हवा में रही विमान हादसा-265 शव अस्पताल लाए गए अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन गुरुवार दोपहर टेक ऑफ के दो मिनट बाद क्रैश हो गया। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और 12 क्रू मेंबर्स समेत 241 लोगों की मौत हो गई। डिप्टी कमिश्नर कानन देसाई ने देर रात बताया कि 265 शव सिटी सिविल अस्पताल पहुंच चुके हैं। इनमें 241 विमान सवारों के अलावा 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी भी शामिल हैं। बाकी शवों की पहचान की जा रही है। वही पीएम नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले वे घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे। इसके बाद वे सिविल अस्पताल गए जहां वे करीब 10 मिनट पीड़ितों से मिले। वे मृतकों के परिजनों से भी मिले। एअर इंडिया की फ्लाइट 3 घंटे हवा में रही लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AIC129 तीन घंटे हवा में रहने के बाद मुंबई लौट आई। फ्लाइट सुबह 5:39 बजे रवाना हुई और तीन घंटे हवा में रहने के बाद वापस आ गई। एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि ईरान में स्थिति और उसके हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण उसकी कई उड़ानों को या तो डायवर्ट किया जा रहा है या वापस बुलाया जा रहा है। भारत को अमेरिका से 3 बड़े झटके लगे कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने गुरुवार को कहा- बुधवार को एक ही दिन में भारत की कूटनीति (डिप्लोमेसी) को अमेरिका से तीन बड़े झटके लगे हैं। इनसे भारत की विदेश नीति और भारत-अमेरिका संबंधों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। जयराम ने कहा- अमेरिका की सेंट्रल कमांड चीफ जनरल माइकल कुरिल्ला ने पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ साझेदार बताया। पाक आर्मी चीफ आसिम मुनीर को अमेरिकी आर्मी डे के लिए न्योता दिया है। वहीं अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने फिर से कहा कि भारत-पाक तनाव ट्रम्प ने खत्म करवाया। NIA ने की ग्रेनेड हमले की जांच तेज नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने अमृतसर पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच तेज कर दी है। एजेंसी ने पंजाब और हरियाणा में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) आतंकी संगठन से जुड़े लोगों के 15 ठिकानों पर छापे मारे हैं। छापे के दौरान टीम ने उनके घरों से मोबाइल डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जैसे संदिग्ध सामान जब्त किए हैं। साथ ही एनआईए की टीम अधिक जानकारी जुटाने और बीकेआई गिरोह की असली साजिश का पर्दाफाश करने की जांच भी कर रही है। आज हीटवेव का अलर्ट देश में मानसून 29 मई से मुंबई-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर रुका है। साउथ और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों को छोड़कर सभी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश सहित 9 राज्यों में आज हीटवेव का अलर्ट है। सेना प्रमुख के मारे जाने का भी दावा इजराइल ने ईरान पर हमला कर दिया है। इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उनके फाइटर जेट्स ने दुश्मन देश पर शुक्रवार सुबह हमला किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक इजराइली सेना ने तेहरान के आसपास कम से कम 6 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन 6 में से 4 जगहों पर परमाणु ठिकाने भी मौजूद हैं। जेटब्लू विमान रनवे से फिसला अमेरिका के बोस्टन शहर में गुरुवार को बोस्टन लोगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जेटब्लू की फ्लाइट 312 रनवे से फिसलकर घास वाले इलाके में चली गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।