मध्यप्रदेश में RTO के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के ठिकानों पर मिली अकूत संपति के मामले में कांग्रेस शुरु से ही राज्य सरकार और बीजेपी नेताओं पर हमलावर है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे पूर्व और वर्तमान परिवहन मंत्रियों पर उंगली उठा चुके हैं। अब दिग्विजय सिंह ने इस मामले में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को घसीटकर नया मोर्चा खोल दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज तक भ्रष्टाचार का ऐसा मामला नहीं देखा। जंगल में एक कार में 52 किलो सोना 11 करोड़ नकद मिला। ये बात सामने आ रही है परिवहन विभाग के अंदर चेक पोस्ट की नीलामी हो रही थी। दिग्विजय सिंह ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के ऊपर सिंधिया द्वारा परिवहन विभाग गोविंदसिंह राजपूत को देने का दबाव डाला गया।दिग्विजय सिंह ने कहा कि मेरे पास जो जानकारी आई है इसमें चार लोग शामिल थे। संजय श्रीवास्तव ऑर्डर करवाते थे वीरेश दशरथ सिंह पटेल और सौरभ शर्मा वसूली करते थे। उन्होंने मांग की कि इन सभी की गिरफ्तारी कर मनी ट्रेल का मामला दर्ज करना चाहिए। प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस होना चाहिए।