आईजी ने ली परेड की सलामी शुक्रवार को जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अनिल कुशवाहा ने छिंदवाड़ा का दौरा किया। सुबह 8:30 बजे उन्होंने पुलिस परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इसके उपरांत उन्होंने विभिन्न थानों का वार्षिक निरीक्षण किया निरीक्षण के उपरांत आईजी कुशवाहा ने जिले के पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिलेभर के अपराधों की समीक्षा की गई और अपराधों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। सांसद विवेक साहू कोयला और खान मंत्रालय की सलाहकार समिति के बने सदस्य छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू को केंद्र सरकार द्वारा कोयला और खान मंत्रालय की सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह समिति नीतिगत मामलों और योजनाओं में मार्गदर्शन और परामर्श प्रदान करती है। सांसद साहू चुनाव जीतने के बाद से छिंदवाड़ा और पांढुर्ना क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों में सक्रिय रहे हैं। इससे पहले उन्हें उपभोक्ता मामले खाद्य और सार्वजनिक वितरण संबंधी स्थायी समिति का सदस्य भी बनाया गया था। हाल ही में दिल्ली में हुई समिति की बैठक में उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। उनकी इस नई जिम्मेदारी पर दोनों जिलों की जनता और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त किया है। सांसद साहू की नियुक्ति से क्षेत्र की विकास योजनाओं में और तेजी आने की उम्मीद है। सांसद ने आकाशवाणी के माध्यम से श्रोताओं को दिए स्वदेशी अपनाने के संदेश शुक्रवार को सांसद बंटी विवेक साहू ने आकाशवाणी के माध्यम से श्रोताओं तक अपनी बात पहुंचाई। इस अवसर पर उन्होंने आकाशवाणी परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। अपने संबोधन में श्री साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान एक पेड़ मां के नाम और राज्य मिलेट मिशन के तहत मिलेट्स (श्रीअन्न) की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने श्रोताओं से स्वदेशी वस्तुओं की खरीद करने और विदेशी सामानों का बहिष्कार करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि दीपावली पर यदि हम स्वदेशी उत्पाद खरीदेंगे तो इससे देश के छोटे उत्पादकों को लाभ मिलेगा और उनकी भी दीपावली बेहतर बनेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने पूर्व मंत्री को दिलाई भाजपा की सक्रिय सदस्यता भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा सक्रिय सदस्यता अभियान के अंतर्गत भाजपा छिंदवाड़ा ग्रामीण मंडल में सदस्यता अभियान चलाकर 100 प्राथमिक सदस्य बनाने बालों को सक्रिय सदस्यता दिलाई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना पूर्व मंडी अध्यक्ष नंदकिशोर सूर्यवंशी युवा नेता अजय सक्सेना सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के फार्म भरकर सभी को सक्रिय सदस्यता दिलाई गई। पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना के साथ सक्रिय सदस्यता प्राप्त करने वालों में उप सरपंच दिव्यकांत यादव अधिवक्ता मुकेश विश्वकर्मा अनिल सूर्यवंशी बंशी डेहरिया भूरा सोनी गंगा सूर्यवंशी निजाम खान राजदीप ठाकुर मोहित यादव राकेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सदस्यता प्राप्त की है। दिव्यांग बच्चों ने कलेक्टर को मिट्टी के दीये भेंट कर दी दीपावली की शुभकामनाएं आधार फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने फेडरेशन के मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन के साथ कलेक्टर शैलेंद्र सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को दिव्यांग बच्चों को मिट्टी के दीये भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने पटाखों से होने वाली हानियों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले पोस्टर भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री सिंह ने बच्चों के इस स्नेहपूर्ण उपहार को आत्मीयता से स्वीकार करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने सर्वोदय अहिंसा अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार एडीएम के.सी. बोपचे और एसडीएम सुधीर जैन सहित अन्य अधिकारियों ने भी दिव्यांग बच्चों को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की। जिला पंचायत की शिकायत शाखा में अनियमितताओं पर बैठक सीईओ ने की समीक्षा जिला पंचायत सभा कक्ष में सीईओ अग्रिम कुमार की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें शिकायत शाखा में प्राप्त अनियमितताओं पर चर्चा की गई। शिकायतें मुख्य रूप से जनपद पंचायत के सीईओ सरपंच सचिव और अन्य पंचायत स्तरीय अधिकारियों के खिलाफ हैं। इनमें बिना निर्माण कार्य के राशि आहरण घटिया निर्माण योजनाओं की जानकारी न देना ग्राम पंचायत में सचिव की अनुपस्थिति और अभद्र व्यवहार जैसी शिकायतें शामिल हैं। प्राप्त शिकायतों की जांच हेतु संबधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिला पंचायत स्तर पर गठित दल द्वारा जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों - कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी जिसमें नोटिस निलंबन वेतन वृद्धि रोकने और न्यायालय में प्रकरण पंजीबद्ध करने जैसे कदम उठाए जाएंगे। इसी के साथ बिना नाम-पते वाली शिकायतें सामान्य प्रशासन के निर्देशानुसार नस्तीबद्ध की जाएंगी। सोनपुर मल्टी में रात के सन्नाटे में पेट्रोल चोरी चार आरोपी सीसीटीवी में कैद शहर के सोनपुर मल्टी में गुरुवार की रात लगभग 2:30 बजे चार अज्ञात चोरों ने बिना किसी भय के वहाँ खड़े वाहनों से पेट्रोल चोरी करते हुए रहवासियों को खुली चुनौती दे डाली। इस घटना की पूरी तस्वीरें मल्टी में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रही हैं जिसमें चोरों को 15 लीटर की केन लेकर बाइक से पेट्रोल निकालते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इस घटना की शिकायत नजदीकी थाने में दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। वेतन नहीं मिलने से निगम कर्मचारियों में रोष दीपावली से पहले भुगतान की मांग छिंदवाड़ा नगर निगम के कर्मचारियों को पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर सभी निगम कमर्चारी अधिकारियों ने आज कलेक्ट्रेट कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दीपावली से पहले वेतन देने की मांग की है। नगर निगम की आर्थिक तंगी के चलते कर्मचारियों का वेतन रोका गया है। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। अटल नगरीय निकाय अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के मुताबिक अक्टूबर और नवंबर माह का वेतन न मिलने से कई कर्मचारियों की EMI बकाया है। साथ ही वह बच्चों की स्कूल फीस भी नहीं भर पा रहे हैं। निगम कर्मचारियों के संघ ने मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए मांग की कि दीपावली से पहले नवंबर माह का अग्रिम वेतन भुगतान किया जाए ताकि कर्मचारी परिवार संग त्योहार मना सकें। गर्ल्स कॉलेज में अनियमितताओं पर ABVP का उभरा आक्रोश कार्यवाही की मांग शहर के प्रेस काम्प्लेक्स के सामने स्थित शासकीय राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर अखिल भारतीय छात्र संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन देते हुए उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के कन्या छात्रावास में छात्राओं को सुरक्षा और सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। जिस प्राध्यापक को छात्रावास सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है उनकी अनुपस्थिति से छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैंमहाविद्यालय में कांग्रेस के कुछ तथाकथित नेताओं का लगातार हस्तक्षेप और महाविद्यालय प्रशासन का उस पर चुप्पी साधे रहना प्रशासन पर गंभीर प्रश्न उठाता है। इसके अलावा परिसर में स्थित मां सरस्वती मंदिर को अब सुरक्षा कर्मियों के विश्राम स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है जिससे छात्रों में असंतोष है। इसी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि अगर इन मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।