सागर में हाल ही में हुई एक घटना के बाद प्रदेश और जिले में पुराने जर्जर भवनों को तोड़ने का अभियान तेज हो गया है। नगरपालिका ने शहर के सात जर्जर भवनों को चिन्हित कर डिस्मेंटल किया है। 24 अगस्त को वार्ड नंबर 16 स्थित लगभग 100 साल पुराने भोला ठाकुर के भवन को जेसीबी मशीन से धराशाई किया गया। इसके पहले वार्ड नंबर 20 में श्याम कुमार जवाहरानी के जर्जर मकान को भी तोड़ा गया था। भवनों की जर्जर हालत को देखते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। भाद्र मास की कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि पर हलषष्ठी (हरछठ) पर्व को लेकर इस वर्ष दो तिथियों में मनाया जा रहा है जिससे महिलाएं शनिवार और रविवार दोनों दिन व्रत कर रही हैं। संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए महिलाओं ने हलषष्ठी माता की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर भगवान बलराम की जयंती भी भक्तिमय माहौल में मनाई गई। 26 अगस्त को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी जिसके लिए मूर्तिकार और मंदिर तैयारियों में जुटे हैं। भाजपा के सदस्यता महाअभियान को लेकर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। जबलपुर के विधायक और पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस महाअभियान के तहत मध्यप्रदेश में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य है। अभियान की शुरुआत 1 सितंबर से होगी जिसके लिए जिले मंडल शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठकों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक नगेन्द्र सिंह ने महिला संबंधी अपराधों की संवेदनशीलता को देखते हुए फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इस आदेश के तहत रामपायली थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव की टीम ने महेन्द्र दुधबुरे को गिरफ्तार किया। वहीं खैरलाजी थाना प्रभारी संजय ऋषीश्वर की टीम ने दो दुष्कर्म आरोपियों अतुल कुथे और सरोज कटरे को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को पुलिस पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां उन्हें जेल भेज दिया गया बालाघाट कलेक्टर मृणाल मीना ने शनिवार को वारासिवनी जनपद का दौरा कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। उन्होंने सरण्डी स्थित रमणीक पॉवर एंड एलॉय प्लांट का भ्रमण कर प्लांट की स्थापना और उत्पादों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कोचेवाही की बैगा बस्ती में पीएम जनमन योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया जहां 35 पीएम आवास स्वीकृत किए गए हैं। कलेक्टर मीना ने प्लांट के उत्पादों के निर्यात और बालाघाट में उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा की।