Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
03-Nov-2020

1 दुनिया में सोमवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4.69 करोड़ पार कर गया, जबकि मृतकों की संख्या 12.06 लाख से ज्यादा हो गई। संक्रमण की चपेट में आए 3.38 करोड़ लोग ठीक भी हुए हैं। विश्व में 1.19 करोड़ सक्रिय मामले हैं, जिनमें 85,510 बेहद गंभीर हैं। इस बीच, कोरोना वैक्सीन बनाने का दावा करने वाले रूस में संक्रमण के मामले रोजाना नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। देश में रविवार को एक दिन के सबसे ज्यादा 18,665 मामले सामने आए। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस में अक्तूबर के आखिरी दिन भी 18,140 जबकि इससे एक दिन पूर्व 18,183 मामले सामने आए थे, जो एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा था। 2 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कोरोना वायरस का प्रसार रोकने में नाकाम रहे चीन ने जो किया, उसे अमेरिका कभी नहीं भूल पाएगा। चीन ने कहा था कि उसने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। चीन से आए वायरस ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई, लेकिन अब यह पटरी पर लौट रही है। ट्रंप ने रविवार को चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, देश के इतिहास में हमारी अर्थव्यवस्था सबसे बेहतर थी, फिर हम चीन से आए वायरस की चपेट में आए और सब बर्बाद हो गया। हमें अर्थव्यवस्था को बंद करना पड़ा, लेकिन अब इसे खोला जा रहा है। धीरे धीरे चीजें पटरी पर लौट रही है। हमने दो लाख लोगों की जान बचाई, लेकिन जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था। 3 चीन की सरकार उइगर मुस्लिमों के साथ वैसा ही व्यवहार कर रही है, जैसा आतंकी संगठन अल कायदा गैर मुस्लिमों के साथ करता है। अल्बानिया के इतिहासकार ओल्सी जज्जी ने कहा, शिनजियांग प्रांत में उइगर मुस्लिमों का विश्वास और जनसांख्यिकी बदलने पर चीन आमादा है। 2019 में अपने शिनजियांग दौरे का जिक्र करते हुए जज्जी ने कहा, ब्रेनवाशिंग और जेल में डालने के अलावा हान चीनियों द्वारा बड़े पैमाने पर उइगर मुस्लिमों को अलग बसाया जा रहा है। इसका मकसद मुस्लिम बहुल प्रांत की जनसांख्यिकी को बदलना है। जब मैं शिनजियांग में था तो मैंने देखा कि चीनी मुस्लिमों के साथ क्या करते हैं। 4 यूरोपीय देश ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना शहर में हमलावरों ने कैफे और रेस्तरां में जमकर गोलीबारी की। अधिकारियों ने कहा कि इस आतंकी घटना में दो लोगों की मौत हुई है और 15 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में एक हमलावर भी शामिल है। ऑस्ट्रिया पर ये हमला कोरोना वायरस लॉकडाउन से पहले हुआ है। ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कुर्ज ने गोलीबारी की घटना के कुछ घंटे के बाद कहा, हम राजधानी वियना में एक घृणित आतंकी हमले के शिकार हैं जो अभी भी जारी है। उन्होंने कहा, एक हमलावर को ढेर कर दिया गया है, लेकिन अभी कुछ हमलावर सक्रिय हैं। हमलावर आधुनिक हथियारों से लैस हैं। इससे पता चलता है कि वे कितनी तैयारी से आए हैं। 5 फ्रांस में लॉकडाउन का असर नहीं हो रहा है। दूसरा लॉकडाउन लगाए करीब एक हफ्ता गुजर चुका है, लेकिन अब तक संक्रमण की दर में कोई कमी नहीं आई। सोमवार को यहां 52 हजार 518 मामले सामने आए। इसी दौरान एक हजार लोगों को गंभीर स्थिति में हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। दूसरी तरफ, लॉकडाउन के बावजूद मामले बढ़ने के बाद एमैनुएल मैक्रों सरकार दबाव में है। लोगों का कहना है कि लॉकडाउन हटा लेना चाहिए क्योंकि यह बेअसर साबित हो रहा है। हर दिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। देश में अब कुल मामले करीब 15 लाख हो चुके हैं। 6 अमेरिका के स्कॉट मैर्मन और अर्जेंटीना की अगस्टीना मॉन्टफियोरी दुनिया के पहले ऐसे कपल बन गए हैं, जिन्होंने जूम एप के जरिए कानूनी रूप से शादी की है। कोरोना संक्रमण के चलते बीते 10 महीने से दोनों ही दो अलग-अलग देशों में रह रहे थे। मई 2017 में पहली बार एक-दूसरे से मिलने के बाद स्कॉट इसी साल मार्च में अगस्टीना से मिलने 6000 किमी दूर अर्जेंटीना जाना चाहते थे, लेकिन लॉकडाउन और संक्रमण फैलने के कारण सीमाएं सील होने के कारण वे ऐसा न कर सके। आखिरकार उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप जूम के जरिए बीते हफ्ते शादी कर ली। 7 नए संविधान से नए नक्शे तक गलतफहमियों की शृंखला में उलझे भारत-नेपाल के रिश्ते अब सुलझने की ओर हैं। खास बात यह है कि ऐसा ‘सैन्य डिप्लोमेसी’ की बदौलत हो सका है। पड़ोसी देशों के राजनेताओं के बयानों में भले तल्खी आई हो, मगर दोनों देशों की सेनाओं के बीच रिश्तों में गर्माहट कभी कम नहीं हुई। हाल ही में भारत के रॉ चीफ सामंत कुमार गोयल की यात्रा और अब 4 नवंबर को भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के नेपाल दौरे को द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। नेपाल में सत्ता के उच्चपदस्थ सूत्रों की मानें तो यह नेपाली सेना और खासतौर पर सेनाध्यक्ष जनरल पूर्णचंद थापा की कोशिशों का नतीजा है। 8 पूरी तरह दो विरोधी खेमों में बंट चुके अमेरिकी लोग राष्ट्रपति चुनाव से पहले बंदूकों की खरीदारी पर उतर आए हैं। मंगलवार को मतदान और उसके बाद हिंसा की आशंका से घिरे अमेरिकन इस साल अब तक 1 करोड़ 70 लाख से ज्यादा बंदूकें खरीद चुके हैं। करीब 60 लाख लोग ऐसे है जिन्होंने पहली बार किसी तरह का हथियार खरीदा है। अगस्त तक पिछले साल के बराबर बंदूके बिक चुकी थीं। वहीं सितंबर में अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री का रिकॉर्ड को छू लिया था। इससे पहले 2016 में सबसे ज्यादा 1.66 करोड़ बंदूकें बिकी थीं। 9 दूसरी बार न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री बनने वाली जेसिंडा आर्डर्न ने सोमवार को अपनी कैबिनेट में 5 नए चेहरे शामिल किए हैं। जेसिंडा ने भारत में जन्मीं प्रियंका राधाकृष्णन (41) को भी अपनी कैबिनेट में शामिल किया है। जेसिंडा ने कहा कि मैं कुछ नया टैलेंट कैबिनेट में शामिल करते हुए उत्साहित हूं। ये उस न्यूजीलैंड की तस्वीर पेश करेंगे, जिसने हमें 17 अक्टूबर को चुना।