Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
10-Oct-2020

1 भारत के साथ पूर्वी सीमा पर तनाव में उलझा चीन ताइवान पर लंबे वक्त से दावा ठोकता रहा है। यहां तक कि वह ताइवान के साथ संबंध रखने पर दूसरे देशों को भी धमकाता रहता है। बावजूद इसके भारत ताइवान के साथ दोस्ताना संबंध रखता है। इसे लेकर बौखलाए चीन को ताइवान ने एक बार फिर दो टूक सुनाई है। दरअसल, 10 अक्तूबर यानी शनिवार को ताइवान का नेशनल डे है। जिसके जश्न में शामिल होने के लिए भारतीयों को शुक्रिया कहते हुए ताइवान के विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर चीन को इशारा किया है- भाड़ में जाओ। 2 अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बिडेन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला बोला है। बिडेन ने कहा, कोरोना से संक्रमित होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप का लापरवाही भरा आचरण अनुचित है। पिछले हफ्ते 74 वर्षीय राष्ट्रपति कोरोना से संक्रमित पाए गए। वहीं, अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप भी वायरस की चपेट में आ गईं। कोरोना के इलाज के लिए राष्ट्रपति ट्रंप को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पर चार दिन तक उनका इलाज चला, इसके बाद सोमवार को वह व्हाइट हाउस लौटे। व्हाइट हाउस के चिकित्सक डॉ सीन कॉनले ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रपति शनिवार से कामकाज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 3 अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने कहा है कि चीन ने भारत के साथ लगने वाली वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को अपने कब्जे में करने का प्रयास किया है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि समय आ गया है जब इस बात को स्वीकार किया जाए कि बातचीत और समझौते के जरिए बीजिंग के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आएगा। भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में पिछले पांच महीनों से सीमा पर गतिरोध जारी है। इसके कारण दोनों देशों के रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों पक्षों ने सीमा विवाद का हल निकालने के लिए उच्च स्तरीय राजनयिक और सैन्य वार्ता की। हालांकि कई दौर की बातचीत के बाद भी इसका कोई ठोस परिणाम नहीं निकल पाया है। 4 भारत और चीन के बीच इस साल मई महीने से ही सीमा पर तनाव जारी है। इसी बीच, अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा है कि चीन ने भारत से लगती उत्तरी सीमा पर 60 हजार सैनिक तैनात किए हैं। पोम्पियो ने सीमा पर तनाव को लेकर चीन के व्यवहार पर उसे फटकार लगाई और कहा कि बीजिंग क्वाड देशों के लिए खतरा बन गया है। हिंद-प्रशांत देशों के विदेश मंत्रियों को क्वाड समूह के रूप में जाना जाता है। 5 अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के पहले होने वाली तीन प्रेसिडेंशियल डिबेट्स में से दूसरी को रद्द कर दिया गया। शनिवार को कमीशन ऑफ डिबेट (सीपीडी) ने इसकी पुष्टि की। दूसरी डिबेट 15 अक्टूबर को मियामी में होनी थी। तीसरी और आखिरी बहस 22 अक्टूबर को होनी है। इस पर फिलहाल फैसला नहीं हो पाया है। पहली डिबेट 29 सितंबर को हो चुकी है। पिछले शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। तीन दिन वे मैरीलैंड के मिलिट्री हॉस्पिटल में रहे। सोमवार को व्हाइट हाउस लौटे और खुद को फिट बताया। 6 चीन का सरकारी भोंपू ग्‍लोबल टाइम्‍स राजधानी नई दिल्‍ली में चीनी दूतावास के बाहर दिल्‍ली बीजेपी के नेता तजिंदर बग्‍गा के ताइवान नैशनल डे के पोस्‍टर लगाने पर भड़क उठा है। ग्‍लोबल टाइम्‍स ने कहा कि यह आग से खेलने जैसा काम है और इससे पहले से खराब चल रहे भारत-चीन संबंध और ज्‍यादा खराब होंगे। चीनी अखबार ने कहा कि भारत की सत्‍तारूढ़ बीजेपी मूर्खों जैसा व्‍यवहार छोड़े और यह समझे कि वह आग से खेल रही है। 7 रूस और अमेरिका समेत नाटो देशों के बीच तनाव गहराता जा रहा है। रूस और नाटो देशों के फाइटर जेट्स के बीच ब्‍लैक सी और नार्वे के पास आर्कटिक इलाके में आकाश में तनातनी बढ़ती जा रही है। रूस के इसी खतरे से निपटने की तैयारी के लिए अमेरिका ने पिछले दिनों अपने 6 ठ-52 परमाणु बमवर्षक विमान ब्रिटेन भेजे थे। ये विमान अब लौट अपने यूएस एयरफोर्स के होम बेस डकोटा लौट गए हैं। ब्रिटेन के फेयरफोर्ड हवाई ठिकाने पर तैनाती के दौरान इन बॉम्‍बर्स ने 57 बार उड़ान भरी थी। ये बॉम्‍बर 120 अत्‍यंत घा‍तक क्रूज मिसाइलों से लैस थे और अफ्रीका तथा यूरोप में कहीं भी परमाणु हमला करने में सक्षम थे। 8 उत्‍तर कोरिया के बहुचर्चित सैन्‍य परेड का बेसब्री से इंतजार कर रहे दुनियाभर के लोगों को बड़ा झटका लगता दिख रहा है। दक्षिण कोरिया की मीडिया में आई खबरों में कहा जा रहा है कि उत्‍तर कोरिया की सैन्‍य परेड पहले ही संपन्‍न हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक उत्‍तर कोरिया ने शनिवार की अलसुबह ही सैन्‍य परेड का आयोजन पूरा कर लिया है। इसे मध्‍यरात्रि से सुबह दो बजे के बीच अंजाम दिया गया। दक्षिण कोरिया की न्‍यूज वेबसाइट एनके न्‍यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि उन्‍हें रातभर उत्‍तर कोरिया की राजधानी प्‍योंगयांग के ऊपर फाइटर जेट के उड़ने की जानकारी मिली है। 9 दुनिया के सबसे खतरनाक स्‍थानों में शुमार यूक्रेन के चेर्नोबिल परमाणु पावर प्‍लांट के दुर्घटनास्‍थल के पास एक विशाल तितली देखी गई है। इस तितली के पंख इतने बड़े हैं कि यह देखने में किसी पक्षी की तरह से नजर आ रही है। उसे चेर्नोबिल प्‍लांट के विशेष जोन के अंदर देखा गया है। रेडिएशन एंड इकोलॉजिकल बॉयोस्‍फेयर रिजर्व के वैज्ञानिकों ने इसकी पहचान की है। इन वैज्ञानिकों ने इस तितली की तस्‍वीर को रिजर्व के फेसबुक पेज पर शेयर किया है। रेडिएशन एंड इकोलॉजिकल बॉयोस्‍फेयर रिजर्व के वैज्ञानिकों ने बताया कि यह तितली म्‍युटेशन का परिणाम नहीं है बल्कि यहां पाई जाने वाली एक खास और दुर्लभ प्रजाति की तितली है। 9 कोरोना वायरस संकट के बीच चीन के इशारे पर काम करने के आरोपों से दुनियाभर में घिरे विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन को नोबेल शांति पुरस्‍कार नहीं दिए जाने पर चीनी मीडिया भड़क उठा है। चीन के सरकारी भोंपू ग्‍लोबल टाइम्‍स के एडिटर हू शिजिन ने तो यहां तक कह द‍िया कि नोबेल शांति पुरस्‍कार बेकार हो गया है और उसे बंद कर देना चाहिए। 10 इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भगोड़ा घोषित होने से बचने के लिये 24 नवंबर तक अदालत में पेश होने का आदेश दिया है। दरअसल, शरीफ ने लंदन स्थित अपने आवास पर गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट स्वीकार करने से कथित तौर पर इनकार कर दिया, जिसके बाद अदालत का यह आदेश आया है। शरीफ अपने इलाज के सिलसिले में पिछले साल नवंबर से लंदन में ठहरे हुए हैं।