MP NEWS: 12 सितंबर से चलेंगी 40 जोड़ी स्पेशल ट्रेन इंदौर में कोरोना संक्रमण का दायरा व मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को 3245 संदिग्ध लोगों की जांच में 312 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए। यह एक ही दिन में मिलने वाले मरीजों की अब तक की सबसे अधिक संख्या है। संक्रमण दर भी 9.6 फीसद रही जो काफी अधिक है। इधर, 6 मरीजों की मौत के बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 438 हो चुकी है। 9 अगस्त को 208 मरीज सामने आए थे उसके बाद अगस्त माह में ही 11 बार 200 से ज्यादा मरीज मिल चुके थे। सितंबर माह में हर रोज 200 से अधिक संख्या में मरीज मिले हैं। बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा झटका देते हुए अपने यहां से अन्य राज्यों को ऑक्सीजन की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। मध्य प्रदेश में महाराष्ट्र के प्लांटों से रोजाना करीब 130 टन ऑक्सीजन मिलती है। यदि इसकी आपूर्ति पूरी तरह रुक गई तो समस्या खड़ी हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने तय किया है कि महाराष्ट्र के इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी जाएगी। महाराष्ट्र सरकार से इस संबंध में चर्चा की गई और केंद्र को भी स्थिति से अवगत कराया गया। रेलवे ने 12 सितंबर से 40 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। इनमें से 5 जोड़ी ट्रेनें 12 सितंबर की रात व 13 सितंबर की सुबह से भोपाल, हबीबगंज, संत हिरदाराम नगर स्टेशन से होकर गुजरेंगी। इनमें सफर करने वाले इच्छुक यात्री गुरुवार से रिजर्वेशन करा सकेंगे। ये रिजर्वेशन ऑनलाइन होंगे। यात्री रेलवे काउंटरों से भी टिकट खरीद सकेंगे। बता दें कि हाल ही में रेवांचल स्पेशल व ओवरनाइट स्पेशल चली थी। जबकि उसके पहले से भी दो दर्जन ट्रेनें चल रही हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं व 12वीं बोर्ड की पूरक परीक्षाएं 14 सितंबर से शुरू होकर 22 सितंबर को खत्म होंगी। इंदौर जिले में 27 परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 10वीं के 5624 और 12वीं के 5588 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। माशिमं के संभागीय अधिकारी देवेंद्र सोनवानी के मुताबिक 12वीं का पेपर केवल 14 सितंबर को होगा। जबकि 15 से 22 सितंबर तक 10वीं के विद्यार्थी पूरक परीक्षा देंगे। इंदौर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के पूरे इंतजाम किए जाएंगे। कोरोना के बढ़ते मरीजों और शनिवार-रविवार को 56 दुकान परिसर में लोगों की जुटने वाली भीड़ के कारण यहां के व्यापारी संगठन ने शनिवार-रविवार की शाम को दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया है। बुधवार को यहां के व्यापारियों ने कलेक्टर से मिलकर अपनी मंशा जाहिर की जिस पर उन्होंने व्यापारियों को धन्यवाद देते हुए उनके निर्णय की सराहना की। 56 दुकान के आसपास के प्रतिष्ठानों के संचालकों ने भी वीकेंड की शाम दुकानें बंद करने का निर्णय लिया है। इंदौर एयरपोर्ट को अपना बेस बनाने जा रही निजी एयरलाइन फ्लायबिग 15 नवंबर के बाद कभी भी इंदौर से विमानों का संचालन शुरू कर देगी। पहले चरण में कंपनी इंदौर से रायपुर, अहमदाबाद और भोपाल के लिए उड़ानें शुरू करेगी। इसके लिए कंपनी ने डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) से अनुमति मांगी है। दूसरा विमान आने पर कंपनी जबलपुर और पुणे के लिए उड़ान शुरू करेगी। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने लगा है। इसके प्रभाव से 11 सितंबर से प्रदेश में बरसात का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। उधर, उत्तरप्रदेश से राजस्थान तक बनी एक द्रोणिका (ट्रफ) की वजह से प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी है। उप्र से राजस्थान तक बने ट्रफ के कारण प्रदेश में नमी आ रही है। इससे कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ रही हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के असर से 11 सितंबर से पूर्व मप्र में बरसात का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी मप्र में भी बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। कोरोना मरीजों के इलाज में प्लाज्मा थैरेपी ज्यादा कारगर नहीं है। यह खुलासा आईसीएमएआर की प्लेसिड ट्रायल रिपोर्ट में हुआ है। स्टडी में हमीदिया अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती 21 मरीजों काे शामिल किया था। इनमें से 10 मरीजाें का इलाज प्लाज्मा थैरेपी से किया गया, जबकि 11 का दवाओं से। प्लाज्मा थैरेपी और नॉन प्लाज्मा थैरेपी पेशेंट के रिकवरी की रफ्तार एक जैसी ही रही। यह जानकारी गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के मेडिसिन डिपार्टमेंट की प्रोफेसर डॉ. सिमी दुबे ने आईसीएमआर को भेजी अपनी प्लेसिड ट्रायल स्टडी रिपोर्ट में किया है। वे प्लेसिड ट्रायल रिसर्च प्रोजेक्ट की प्रिंसिपल इनवेस्टीगेटर के रूप में शामिल हुई थीं। हमीदिया में यह स्टडी 22 अप्रैल से 14 जुलाई 2020 के बीच भर्ती मरीजों पर की गई। नगर निगम के आगामी चुनाव के लिए वार्ड आरक्षण अब 17 सितंबर को तय किया जाएगा। इसके पहले 29 अगस्त और 28 जुलाई की तारीख को इस पर निर्णय लिया जाना था, लेकिन अंतिम समय में दोनों बार इसे आगे बढ़ा दिया गया था। 29 अगस्त को आरक्षण स्थगित करने की वजह त्यौहार और भारी बारिश की संभावना बताई गई थी। इसके पहले 28 जुलाई को टोटल लॉक डाउन के कारण आरक्षण की कार्रवाई स्थगित करना पड़ी थी। अधिकृत जानकारी के अनुसार 17 सितंबर को न्यू मार्केट स्थित समन्वय भवन में दोपहर 3 बजे आरक्षण की कार्रवाई होगी। ग्वालियर में कोरोना संक्रमण भयावह स्थिति में पहुंच गया है। जिस गति से प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं, ग्वालियर में उससे भी ज्यादा तेज गति से संक्रमित मिल रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश की औसत संक्रमण दर बीते दस दिनों में 6.9 रही। जबकि ग्वालियर में संक्रमण दर 16.89 तक पहुंच गई। यानी प्रदेश से लगभग ढाई गुना ज्यादा। चिंता की बात यह है कि ग्वालियर में मरीजों के ठीक होने की रफ्तार भी घट रही है। बुधवार तक प्रदेश की रिकवरी रेट 75.57 पर पहुंच गई तो वहीं ग्वालियर में यह 64.78 पर ही सीमित है। राजधानी भोपाल में अनलॉक 4 के बाद सभी तरह की बंदिशों को हटा दिया गया है। इसके बाद सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में कोरोना की रफ्तार फिर से बेकाबू हो गई है। यहां पर हर रोज 200 से 250 नए मरीज सामने आ रहे हैं। बुधवार को भोपाल में 262 नए मामले सामने आए। अब कोरोना को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने जरूरी कदम उठाते हुए एक नई एडवाइजरी जारी की। कोविड 19 के नियमों का उल्लंघन करने पर स्पॉट फाइन वसूला जाएगा। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) द्वारा गुरुवार से भोपाल से उज्जैन के बीच दो बसें बढ़ाई जा रही हैं। वहीं, बुधवार को शुरू की गई भोपाल-नीमच बस में केवल नौ यात्रियों ने ही सफर किया। बीसीएलएल के प्रवक्ता संजय सोनी के अनुसार आने वाले दिनों में भोपाल से इंदौर, सागर आदि स्थानों के लिए दो से लेकर चार बसें तक बढ़ाई जा रही हैं। वहीं, सूत्र सेवा की बसों में भी इजाफा किया जाएगा। उनका कहना है कि जल्द ही शहर में संचालित की जा रही लो-फ्लोर बसों की संख्या भी चार से पांच रूट पर बढ़ा दी जाएगी।