1 मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां एक तरफ प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 29 हजार पार जा पहुंचा है। वहीं, दूसरी तरफ संक्रमण ने अपने पांव प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन की ओर फैला दिये हैं। मध्य प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान समेत कई मंत्री और विधायक अब तक कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इन्हीं कोरोना पॉजिटिवों की श्रेणी में अब मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा का नाम भी जुड़ गया है। बुधवार शम को उनकी दूसरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 2 भोपाल से सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को अनजान नंबर से कॉल कर धमकी दी गई है। मामले में सांसद ने भोपाल के कमला नगर थाने में केस दर्ज करवाया है। पुलिस की साइबर सेल ने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी। सांसद का कहना है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर दिए गए बयान के बाद धमकी दी गई। फोन करने वाले ने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं को लेकर भी अभद्र भाषा में टिप्पणी की। 3 भोपाल में जिला प्रशासन ने क्वारैंटाइन सेंटर बनाए गए 19 होटलों की सूची जारी कर दी है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि जिले का कोई भी व्यक्ति संक्रमित के संपर्क में और क्लोज कॉन्ट्रेक्ट या फर्स्ट कॉन्ट्रेक्ट में होने पर सुविधा अनुसार पेमेंट करके इन होटलों में क्वारैंटाइन हो सकता है। यहां पर ठहरने का पेमेंट खुद ही करना होगा। साथ ही इसमें जिला प्रशासन की निगरानी और गाइडलाइन का भी पालन करना होगा। 4 राजधानी में हर रोज रिकॉर्ड कोरोना मरीज मिल रहे हैं।भोपाल में लॉकडाउन के 5 दिन में 1042 संक्रमित मिले। हर रोज बढ़ रही संक्रमितों की संख्या को देखते हुए लॉकडाउन बढ़ाने की चर्चा शुरू हो गई है। इन चर्चाओं के बीच गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि सरकार लॉकडाउन की तारीख आगे बढ़ाने के बजाय दूसरे विकल्पों पर भी विचार करेगी। 5 राजधानी भोपाल लॉकडाउन में पांच दिन से बंद है, शहर की करीब 30 लाख आबादी घरों में कैद है। इसके बाद भी कोरोना का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भोपाल में एक दिन में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 246 कोरोना पॉजिटिव मिले। अब राजधानी में कोरोना का कम्युनिटी स्प्रेड शुरू हो गया है। यहां पर परिवार के परिवार कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं। इसके साथ यहां पर संक्रमितों की संख्या 6 हजार पार करते हुए 6165 हो गई है। संक्रमण से 163 लोगों की मौत हो चुकी है। 6 मध्य प्रदेश में कोरोना की ग्रोथ रेट देश में 14वें से 15 वें स्थान पर आ गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना संकट से निपटने के लिए प्रदेश में अस्पतालों में बेड की संख्या 8000 से बढ़ाकर 12 हजार करने और टेस्टिंग लैब संख्या बढ़ाकर 17 सौ तक करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। बड़वानी और छतरपुर में कोरोना संक्रमण बढऩ़े पर सीएम ने नाराजग़ी जताई है। 7 पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने शिवराज सरकार की वर्चुअल कैबिनेट पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मप्र सरकार ने एक निजी अस्पताल परिसर से जो वर्चुअल कैबिनेट आयोजित की और उसका सार्वजनिक प्रसारण कर नियमों और बिजनेस प्रक्रिया को अपमानित किया। उसकी अपरिहार्यता पर सरकार को अपना मंतव्य जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार बताए की वर्चुअल कैबिनेट आयोजित करने पर कितना अतिरिक्त खर्च आया। मंत्रालय, मंत्रियों के निवास और जिलों के एनआईसी रूम में घंटों तक वर्चुअल कैबिनेट की तैयारियां चलती रहीं। इससे प्रशासनिक मशीनरी का समय भी बर्बाद किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्चुअल कैबिनेट सिर्फ वाहवाही लूटने के लिए आयोजित की गई। 8 कंप्यूटर बाबा के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करने जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके आश्रमों की नाप जोख और दस्तावेजों की जांच करने के आदेश सरकार ने दिए हैं। कंप्यूटर बाबा के दोनों आश्रमों को गिराने की तैयारी सरकार कर रही है। कंप्यूटर बाबा ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर आश्रम बनाया था। 9 विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अयोध्या में मंदिर के भूमिपूजन के लिए उज्जैन के महाकाल मंदिर की मिट्टी और शिप्रा नदी का जल अयोध्या भेजा गया। सुबह 10:15 बजे महाकाल मंदिर में मिट्टी और जल का पूजन किया गया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को चढऩे वाली भस्म भी अयोध्या भेजी गई है। 10 मध्यप्रदेश में अब शाला पूर्व शिक्षा केंद्र (नर्सरी स्कूल, प्ले स्कूल, किंडर गार्डन) चलाने वालों को पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। रजिस्ट्रेशन के बिना यह संचालित मिलने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला बाल विकास विभाग ने इसके आदेश मंगलवार को जारी कर दिए। इसमें प्राइवेट क्षेत्र में पहले से चल रहे एवं नवीन केंद्र को शाला पूर्व शिक्षा केंद्रों को विभागीय पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य कर दिया है। 11 आयुष राज्यमंत्री रामकिशोर कावरे ने निर्देश दिये हैं कि हर जिले में औषधीय पौधरोपण कर हर्बल गार्डन विकसित किया जाये, जिससे हर्बल गार्डन विकसित करने में मध्यप्रदेश का नाम देश में रोशन हो। कावरे बुधवार को बालाघाट से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये आयुष विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसानों को फलदार पौधों की तरह औषधीय पौधे लगाने के लिये भी प्रोत्साहित करेंगे। 12 राफेल फाइटर जेट्स के भारत पहुंचने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला। दिग्विजय सिंह ने राफेल डील की डिटेल्स को लेकर सरकार के सामने सवाल उठाते हुए कहा है कि इसकी कीमत अब तो बता देनी चाहिए। 13 5 अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन कार्यक्रम में दो मेहमान मध्य प्रदेश के भी होंगे। ये नाम होंगे राम मंदिर आंदोलन से जुड़े दो नेता उमा भारती और जयभान सिंह पवैया। खबर है कि अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में होने जा रहे इस अनुष्ठान के दौरान देश भर से 200 लोगों को न्यौता भेजा जा रहा है। 14 बैतूल जिला न्यायालय के एडीजे महेंद्र त्रिपाठी और उनके पुत्र अभिनव राज की मौत जहर से हुई है। यह जहर कोबरा सांप का हो सकता है। यह कहना है बैतूल एसपी सिमाला प्रसाद का। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि पुलिस ने रीवा से छिंदवाड़ा निवासी एक महिला सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया है। महिला ने एडीजे को जहरीला आटा दिया है। विसरा रिजर्व किया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। महिला पूरे परिवार को खत्म करना चाहती थी। उन्होंने बताया कि पैसों के लेन-देन के मामले और परिवार में शामिल होने को लेकर विवाद चल रहा था। इसलिए महिला ने खतरनाक कदम उठाया है। एसपी सिमाला प्रसाद ने बताया कि संदिग्धों को पकडऩे के लिए चार टीमें बनाई थीं। न्यायाधीश महेन्द्र त्रिपाठी और उनके बड़े बेटे की अचानक मौत से हर कोई हैरान है। 15 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अब सुबह 9 से शाम 5 बजे तक इलाज होगा। दरअसल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मप्र इकाई की मिशन संचालक छवि भारद्वाज ने एक आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सभी शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के समय में समानता लाने के लिए समय निर्धारित किया गया है, इसलिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सभी सिविल डिस्पेंसरी के खुलने का समय सुबह 9 बजे से होगा और ये शाम 5 बजे बंद हो जाएंगे। 16 करीब 500 करोड़ रुपए ठगी मामले में भू-माफिया रमाकांत विजयवर्गीय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भोपाल के कोहेफिजा पुलिस ने भू-माफिया रमाकांत विजयवर्गीय को इंदौर से गिरफ्तार कर भोपाल लाई है। रमाकांत इंदौर में भेष बदलकर रह रहा था। वो लोगों को अपना नाम भी रामकुमार व्यास बताता था। उसने अपने फर्जी नाम से ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवा लिया था। रमाकांत ने 250 लोगों से करीब 500 करोड़ की ठगी की थी। 17 मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के शहडोल संभाग के जिलों, रीवा, सतना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, नरसिंहपुर, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, गुना, अशोकनगर, भिंड और मुरैना में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं शहडोल, होशंगाबाद, इंदौर, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।