Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
28-Jul-2020

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद चिरायु अस्पताल में भर्ती हैं। इस दौरान शिवराज खुद ही अपने कपड़ों को धो रहे हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि कपड़े धोने से मुझे काफी फायदा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक की। इस दौरान सीएम चौहान ने कहा, चूंकि मैं कोविड पॉजिटिव हूं, इसलिए मैं अपने कपड़े खुद धो रहा हूं। इससे मुझे बहुत फायदा हुआ है। फिजियोथेरेपी सेशन के बाद भी मैं अपनी मुठ्ठी नहीं बांध पा रहा था, क्योंकि हाल ही में ऑपरेशन हुआ था। लेकिन अब यह पूरी तरह से ठीक है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को मध्य प्रदेश में पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कैबिनेट बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि चंबल एक्सप्रेस वे का नाम अब चंबल प्रोग्रेस में रखा जाएगा। यह परियोजना चंबल क्षेत्र की दिशा और दशा बदलने का काम करेगी। परियोजना में सड़क के दोनों औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। साथ ही टाउनशिप भी बनेगी। गृह एवं जेल विभाग के मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने केबिनेट की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की कार्ययोजना 15 अगस्त तक तैयार कर लें। गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रेदश में वर्चुअल कैबिनेट के बाद अब प्रदेश में बंदियों की पेशी वर्चुअल होगी। जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन की समीक्षा के बाद मंत्री मिश्रा ने कहा कि अब हम छोटे जिलों में पुलिसकर्मियों के लिए अत्याधुनिक आवास बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हमारी कोशिश है कि अधिक से अधिक सिपाहियों का आवास उपलब्ध कराएं। दरअसल, मकान को लेकर सिपाहियों को काफी दिक्कत आती है। जो मल्टीस्टोरी बनेगी, उसमें एक कमरा पुस्तकालय के लिए रहेगा। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लॉकडाउन के चौथे दिन फिर से 200 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसे मिलाकर शहर में अब संक्रमितों की संख्?या 6000 हो गई है। संक्रमित पाए गए लोगों में कलेक्ट्रेट में निर्वाचन कार्य देखने वाली एक महिला कर्मचारी व इनके परिवार के दो अन्य सदस्य की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम में एक 25 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। चार डॉक्टरों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बंैक ऑफ इंडिया कालोनी अरेरा कालोनी से 1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सूबेदार कालोनी से 5 लोग निकले संक्रमित मिले हैं। वहीं चार ईमली और गोयनका निवास में भी 3 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इधर, राहत इस बात की है कि शहर में 80 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर रवाना हो गए हैं। इसे मिलाकर शहर में अब 3629 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। वहीं 160 मरीजों की कोरोना संक्रमण के इलाज के दौरान मौत हो गई है। कोरोनावायरस ने एसपी कार्यालय में भी दस्तक दे दी। मंगलवार को एसपी राहुल कुमार लोढ़ा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सोमवार को ही एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की थी। संक्रमित होने पर स्वास्थ्य विभाग ने एसपी को होम क्वारैंटाइन कर दिया। परिवार और सुरक्षा में लगे जवानों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आना शुरू हो गई। पिछले सप्ताह ग्वालियर में भदौरिया से मिलकर सागर गए भाजपा के संगठन मंत्री केशव सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इधर, पंचायत और ग्रामीण मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया के स्टाफ के 4 कर्मचारी कोरोना संक्रमित निकले। इसकी जानकारी खुद मंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि इनके संपर्क में आने वाले लोग अपनी जांच करा लें। पंचायत और ग्रामीण मंत्री खुद आइसोलेट हो गए। राजधानी भोपाल के आरजीपीवी में बने कोरोना सेंटर में भर्ती मरीजों ने जमकर हंगामा किया। खाने के समय चाय-नाश्ता मिलने से नाराज लोगों ने प्रशासन पर अनदेखी करने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि दवाई तक नहीं दी जा रही है। ऐसे में कुछ लोगों को अब बुखार आने लगा है। डॉक्टर तो छोड़ो, सेंटर में कोई एक कर्मचारी तक नहीं होता है। उज्जैन महाकाल मंदिर में साेमवार काे सावन की चाैथी सवारी निकलने से पहले महाकाल सभा मंडप में पुजारी परिवार के युवक और तहसीलदार में झूमाझटकी हुई। वहां मौजूद अन्य पुजारियों और पुलिस अधिकारियों ने मामले को शांत करवाया। विवाद का एक वीडियो सामने आया है, इसमें पुजारी कहते सुनाई दे रहे हैं कि अब हम नहीं आएंगे। विवाद के समय एसपी मनोज सिंह भी मौजूद थे। प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने केन्द्रीय उर्वरक राज्य मंत्री मनसुख मंडाविया से फोन पर की बात की। समय से पूर्व सक्रिय हुए मानसून के चलते प्रदेश में खरीफ की बुवाई में आई तेजी से राज्य में डेढ़ लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त यूरिया की मांग बढ़ गई है। जिस पर पर केन्द्रीय मंत्री मंडाविया ने तत्काल मंजूरी दे दी। प्रशासनिक छूट के बाद सोमवार को इंदौर जोन- 2 में लेफ्ट-राइट सिस्टम खत्म हुआ और बाजार पूरी तरह से खुल गए। इसके बाद जोन -1 यानी मध्यक्षेत्र में भी बाजारों को पूरी तरह से खोलने की मांग तेज हो गई। व्यापारियों के गुस्से के बीच सोमवार को परदेशीपुरा में पैदल मार्च के बाद मंगलवार को कांग्रेसी राजबाड़ा पहुंच गए। यहां पर प्रशासन के आदेश की अनदेखी करते हुए खुद अपने हाथों से दुकानों के शटर ऊपर करने लगे। इस दौरान यहां पर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। देश में बाघों की 124 संख्या के साथ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व देश का नंबर वन टाइगर रिजर्व बन गया है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने इसकी घोषणा की है। मध्य प्रदेश के टाइगर स्टेट का दर्जा दिलाने के लिए बांधवगढ़ की अहम भूमिका है। मंत्री जावड़ेकर ने आज दिल्ली अंतराष्ट्रीय बाघ दिवस के एक दिन पूर्व आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भारत को अपनी बाघ संपत्ति पर गर्व है। यह हमारी प्राकृतिक संपदा है। देश में आज दुनिया की 70 प्रतिशत बाघ आबादी है। नक्सली मुठभेड़ में मारे जाने वाले साथियों की याद में मंगलवार से नक्सलियों ने शहीद सप्ताह मनाना शुरू कर दिया है। इस अवसर पर नक्सलियों ने प्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में पर्चे बांटकर लोगों को आंदोलन में जुटने की अपील की है। उधर नक्सलियों द्वारा मनाए जाने वाले शहीद सप्ताह को लेकर जिले में पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने जिले के सभी नक्सल प्रभावित थाने और चौकियों को हाईअलर्ट में रहने के निर्देश दिए हैं। नक्सली मुठभेड़ में मारे जाने वाले साथियों की याद में हर वर्ष 28 जुलाई से लेकर 3 अगस्त तक शहीद सप्ताह मनाते हैं। कई नक्सल प्रभावित इलाकों में शहीद सप्ताह मनाने के पर्चे मिले हैं। इस दौरान नक्सली गतिविधियां तेज हो जाती हैं। कई बार इस दौरान पुलिस पर हमले भी पूर्व के सालों मे हुए है,जिसको लेकर जिले में पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। शहीद सप्ताह के आयोजन को लेकर लांजी क्षेत्र में कुछ इलाकों में नक्सल पर्चे भी मिले हैं जिसमे जनता से नक्सल आंदोलन से जुडऩे की अपील भी की गई है। बैतूल जिला न्यायालय के एडीजे महेंद्र त्रिपाठी और उनके बेटे की मौत जहर से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हो गया है। फिलहाल, ये पता नहीं चला है कि जहर कौन सा था? लेकिन, पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिसने भी आटे में जहर मिलाकर दिया, उसकी साजिश पूरे परिवार को खत्म करने की थी। किस्मत से एडीजे की पत्नी ने उस दिन रोटी नहीं खाई और छोटे बेटे को दो रोटी खाने के बाद उल्टी हो गई। इसलिए वे बच गए। मामले में पूछताछ के लिए रीवा निवासी एक महिला को बैतूल लाया गया है। पुलिस ने 5 संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। इस महिला ने ही जज को आटा नुमा कुछ दिया था और कहा था कि इसे घर के आटे में मिला देना। घटना के बाद से ही महिला का फोन बंद आ रहा था। 25 जुलाई को संदेहास्पद आटे की रोटी खाने से बैतूल एडीजे त्रिपाठी और उनके बेटे की मौत हो गई थी। भोपाल जिला कलेक्टर ने कहा कोरोना संक्रमण की चेन को तोडऩे के लिए संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगो को क्वारैंटाइन होना जरूरी है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने कोरोना संक्रमण की चेन को तोडऩे के लिए संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों को क्वारैंटाइन होना जरूरी है। इसके लिए पेड क्वारैंटाइन सेंटर की व्यवस्था कुछ होटल में भी उपलब्ध कराई गई है। इन होटलों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी। मध्यप्रदेश के बीना की रहने वाली गिरिजा देवी तिवारी दुनिया की सबसे उम्रदराज टैक्स पेयर बन सकती हैं। उनके पेनकार्ड में उनका जन्म वर्ष 1903 दर्ज है। इस आधार पर उनकी उम्र 117 साल है। वे अपने स्व. पति सिद्धनाथ तिवारी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पेंशन पा रही हैं। हालांकि विभाग इसकी औपचारिक घोषणा बाद में करेगा। आयकर विभाग उन्हें सम्मानित करने के लिए भोपाल बुलाने वाला था, लेकिन कोरोना संकट के कारण विभाग को अपना 160 वां स्थापना दिवस कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने समस्त विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों से कहा है कि लॉकडाउन के दौरान दिव्यांग अधिकारियों और कर्मचारियों विशेषकर दृष्टिबाधित को उपस्थिति में छूट प्रदान करें। अति आवश्यक होने पर ही उन्हें कार्यालय बुलाया जाये। मंत्री पटेल ने कहा कि कोरोना संक्रमण को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या में निरंतर बढ़ोत्तरी हो रही है। प्रदेश का पहला शासकीय प्लाज्मा बैंक भोपाल में बनाया जाएगा। गांधी मेडिकल कॉलेज के प्लाज्मा बैंक में आई.सी.एम.आर और शासन के मानकों का पालन करते हुये प्लाज्मा संग्रह किया जायेगा । संभागायुक्त सभाकक्ष में आज से इस अभियान की शुरुआत की गई। प्लाज्मा बैंक के वॉलंटियर्स ने कोविड -19 संक्रमण से ठीक हो चुके व्यक्तियों को कॉल कर प्लाज्मा डोनेशन के लिए प्रेरित किया । संभागायुक्त कवींद्र कियावत ने आज इस अभियान का जायजा लिया और इसे सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जान को खतरा बताते हुई कई गंभीर आरोप लगाने वाले डॉक्टर राजन सिंह पर एफआईआर दर्ज की गई है। शिवराज के चिरायु अस्पताल में भर्ती किए जाने पर राजन ने सवाल उठाते हुए वीडियो जारी किए थे। मामले में क्राइम ब्रांच ने राजन पर मुख्यमंत्री के खिलाफ मिथ्या तथ्य और भ्रामक जानकारी फैलाने का केस दर्ज किया है। भोपाल में नाबालिग लड़कियों से यौन शोषण के मामले में आरोपी प्यारे मियां का वकील एस जमाली भी गिरफ्तार हो गया है। श्यामला हिल्स पुलिस ने उसे मंगलवार दोपहर गिरफ्तार किया। उसने प्यारे के द्वारा बनाई गई एक सोसायटी की फर्जी ऑडिट रिपोर्ट तैयार की थी। श्यामला हिल्स पुलिस ने प्यारे के खिलाफ सोसायटी बनाकर 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का 4 दिन पहले केस दर्ज किया है। इसमें उसका बेटा और पत्नी भी आरोपी हैं। मध्यप्रदेश में मानसून आने के दो महीने बाद भी प्रदेश में ठीक से बारिश नहीं हो रही है। ऐसे में अब तक यह औसत तक भी नहीं पहुंच पाई है। जून में झमाझम बारिश से सभी रिकॉर्ड टूट गए, लेकिन अब भी यह औसत से 11% कम है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक जेडी मिश्रा ने बताया कि जून में 114% से भी ज्यादा बारिश हुई थी, लेकिन जुलाई में मानसून की बेरुखी चल है। ऐसे में 1 जून से 28 जुलाई तक 399.8 मिमी पानी गिर जाना था, लेकिन अब तक सिर्फ 357.6 मिमी बारिश ही हुई है।