दुनिया में कोरोना संक्रमण के मामले डेढ़ करोड़ के पार हो गए हैं। छह महीने पहले दुनियाभर में 300 से भी कम केस थे। इन छह महीनों में कोरोना दुनिया के 215 देशों तक पहुंच चुका है। चीन जहां से कोरोना की शुरुआत हुई, वहां ये कंट्रोल कर लिया गया। लेकिन, भारत, अमेरिका और ब्राजील जैसे देशों में इस वक्त ये सबसे तेजी से बढ़ रहा है। भारत में पिछले बीस दिन में हर दिन आने वाले कोरोना के मामलों में 65% का इजाफा हुआ है। ये इजाफा अमेरिका से ढाई गुना ज्यादा है। इस वक्त दुनिया में रोज 2 लाख से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इनमें से 20% मरीज भारत में मिल रहे हैं। अमेरिका और ब्राजील में हर रोज आने वाले मामले स्थिर हो चुके हैं। लेकिन, भारत में इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे दुनिया में रोज मिलने वाले मरीजों में भारत की हिस्सेदारी और बढ़ने की आशंका है।