प्रदेश के गुना में पुलिस के हाथों दलित पति-पत्नी की पिटाई की घटना पर राष्ट्रीय स्तर पर निंदा हो रही है। घटना के दो दिन बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी ट्विटर के जरिए सामने आए। पिटाई का वीडियो शेयर करते हुए कहा, “हमारी लड़ाई इसी सोच और अन्याय के खिलाफ है।” गुना में सरकारी जमीन पर कब्जा छुड़ाने गई पुलिस टीम ने विरोध करने पर दलित पति-पत्नी को उसके बच्चों के सामने बुरी तरह पीटा था। दंपत्ति खेत में अंकुरित फसल को जेसीबी से उजाड़ने का विरोध कर रहे थे। घटना से दुखी पति-पत्नी ने कीटनाशक पी लिया था। दंपती के 7 बच्चे हैं। पति पत्नी दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। बुधवार को पुलिस ने दंपती के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की। जिला प्रशासन उसके बच्चों को आश्रम में भेजने की व्यवस्था कर रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर इस घटना पर भारी बवाल मचा हुआ है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, प्रदेश में किल कोरोना अभियान में डोर-टू-डोर सर्वे कर बड़ी संख्या में टैस्ट किए जा रहे हैं। एक-एक मरीज की पहचान कर उनका इलाज किया जा रहा है। इसके चलते प्रदेश की कोरोना मृत्यु दर में गिरावट आई है। प्रदेश में कुछ जिलों में संक्रमण कम हुआ है। वहीं कुछ जिलों में संक्रमण बढ़ा है। प्रदेश में कोरोना से निपटने जिलावार रणनीति बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा प्रभारी अधिकारी जिलों का दौरा करें। जिला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के साथ बैठक कर कोरोना संक्रमण रोकने प्रभावी प्रयास करें। प्रदेश में 20 जुलाई से विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। इस दौरान कांग्रेस को बड़ा झटका देने की तैयारी भाजपा कर रही है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के 5 विधायक भाजपा के संपर्क में होने की खबरें हैं। करीब चार महीने पहले सत्ता में आई भाजपा का यह ‘बदलापुर’ प्लान कहा जा रहा है। दरअसल, पिछले साल मानसून सत्र में कानून संबंधी एक विधेयक में मत विभाजन के दौरान भाजपा के दो विधायक नारायण त्रिपाठी और शरद कौल ने कांग्रेस सरकार के पक्ष में मतदान किया था। इसके बाद दोनों ही विधायकों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ विधानसभा में एक पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तत्कालीन सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सरकार के चौथे कार्यकाल का पहला बजट वित्त मंत्री जदगीश देवड़ा 21 जुलाई को विधानसभा में पेश करेंगे। इस बार सरकार सवा दो लाख करोड़ से ज्यादा का बजट पेश कर सकती है। इसमें कुछ योजनाएं बंद की जा सकती हैं। कुछ योजनाओं के खर्च में कटौती की जा सकती है। सरकार किसानों के कर्जमाफी पर भी बजट में अलग से प्रावधान कर सकती है। प्रदेश की जेलों में अब कैदियों की इम्युनिटी पावर बढ़ाने के लिए काढ़ा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्हें खाने के साथ सलाद भी दिया जाएगा। गुरुवार को भोपाल की केंद्रीय जेल के दौरे के दौरान गृहमंत्री ने निर्देश दिए। उन्होंने कैदियों काे जेल में बना खाना भी टेस्ट किया। प्रदेश में 25 सीटों के उपचुनाव को लेकर राजनैतिक घमासान तेज हो गया है। एक तरफ कांग्रेस के 5 विधायकों के भाजपा के संपर्क में होने की खबरों ने कांग्रेस की बेचैनी बढ़ा रखी है, वहीं गुरुवार को दतिया जिले के सेवड़ा से पूर्व विधायक रामदयाल प्रभाकर ने भाजपा की प्राथमिकता सदस्यता और सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा को इस्तीफे का पत्र भेजा है।उन्होंने पार्टी में तानाशाही और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और अपमान करने का आरोप लगाया है। उद्यानिकी एंव खाद्य प्रसंस्करण एवं नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जिलों में जाकर योजनाओं की समीक्षा करें और किसानों से भी सम्पर्क करें। उन्होंने मंत्रालय में उद्यानिकी विभागीय की योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिये सरलीकृत प्रचार सामग्री तैयार करें, जिससे किसानों को योजनाओं की जानकारी आसानी से समझ में आयें किसान योजना का लाभ लेने के लिये आगे आ सकें। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कैबिनेट के दूसरे विस्तार के बाद अब भाजपा का सारा ध्यान प्रदेश संगठन को मजबूत बनाने पर है। प्रदेश अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के पांच महीने बाद विष्णुदत्त (वीडी) शर्मा अपनी कार्यकारिणी का गठन करने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रदेश कार्यकारिणी में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों को भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की बात कही जा रही है। गुना में दलित दंपती पिटाई मामले की जांच शुरू हो गई है। इसका जिम्मा भोपाल के एक सीनियर आईपीएस इंद्र प्रकाश हरजारिया को दिया गया है। वह गुरुवार को दोपहर जांच के लिए गुना पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल में बंद कमरे में दलित दंपती से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद घटना स्थल पर भी गए। उनके साथ स्थानीय पुलिस अफसर भी रहे। गुना से हटाए गए एसपी तरुण नायक ने दलित दंपती की पिटाई के मामले में एक एसआई समेत छह लोगों को निलंबित कर दिया है। दलित दंपती की पुलिस द्वारा पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना एसपी और कलेक्टर को तत्काल हटाने के आदेश दिए। प्रदेश में कोरोनावायरस अपने पैर तेजी से फैलाने लगा है। बुधवार को 735 नए केस सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 20 हजार के पार पहुंच गई है। 20 हजार 378 संक्रमित अभी तक पाए गए हैं। वर्तमान स्थिति में शासन ने जिलों में दुकानें खोलने और बंद करने को लेकर निर्णय लेने का जिम्मा क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप को दिया है। प्रदेश में सक्रिय केस की संख्या 5,562 हो गई है। सबसे ज्यादा सक्रिय केस 1265 इंदौर और भोपाल में 937 हैं। हालांकि अब तक 14 हजार 127 लोग ठीक होकर घर पर लौट चुके हैं। नाबालिग लड़कियों से यौन शोषण के मामले में कश्मीर के श्रीनगर में पकडे गये आरोपी प्यारे मियां को भोपाल लाया गया है। पुलिस फ्लाइट के जरिए प्यारे को कड़ी सुरक्षा में दोपहर साढ़े 3 बजे लेकर भोपाल पहुंची। रास्तेभर प्यारे मियांचुपचाप ही रहा। भोपाल एयरपोर्ट से पुलिस अभिरक्षा में उसे कंट्रोल रूम पहुंचाया गया। डीआईजी इरशाद वली ने बताया कि पूछताछ के बाद उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।