Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
18-Mar-2020

1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 13 घंटे के भीतर राज्यपाल को दूसरा पत्र लिखकर कहा है कि हमारी सरकार बहुमत में है आपकी बातें असंवैधानिक हैं. उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि मैंने इतनी लंबी राजनीति में कभी भी मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं किया, मैं कहना चाहता हूं कि बेंगलुरु में 16 विधायकों को बंदी बनाकर रखा गया है, पहले उन्हें स्वतंत्र कराया जाए. 2 इस बीच मंगलवार को भाजपा के बागी विधायक नारायण त्रिपाठी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत में है. दिग्विजय सिंह और अजय सिंह भी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे जहां मुख्यमंत्री के साथ करीब 4 घंटे तक चर्चा की. दिग्विजय सिंह ने कहा कि 16 विधायक बेंगलुरु में क्या कर रहे हैं, उन्होंने बयान दबाव में दिए. 3 कांग्रेस के वकील और नेता कपिल सिब्बल ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट को पहले बंधक विधायकों को रिहा कराना चाहिए. वहीं विवेक तन्खा ने भी कहा है कि बंधक बनाए गए विधायकों को छुड़ाने का सुप्रीम कोर्ट से आग्रह करेंगे. 4 सिंधिया समर्थक 16 विधायकों को बंधक बनाए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने चिंता जताई है. उन्होंने राज्यपाल को पत्र लिखकर कहा है कि लापता विधायकों की वापसी की दिशा में ठोस कदम उठाएं. 5 वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ मुख्य सचेतक डॉ गोविंद सिंह ने भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके कहा है कि बेंगलुरु में विधायकों को बंधक बनाकर रखा गया है, उन्हें स्वतंत्र कराया जाए, तथा कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया जाए. 6 भोपाल में मंत्री पीसी शर्मा ने कहा है कि बंधक विधायकों ने जो कुछ बोला है वह दबाव में बोला है. उन्होंने कहा कि जो मंत्री पहले मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते थे वे अब विरोध कर रहे हैं. 7 वहीं बागी विधायकों ने बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया है कि 20 से ज्यादा विधायक भाजपा में आने को तैयार हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कैबिनेट में पहला प्रस्ताव छिंदवाड़ा का होता था बाकी मध्यप्रदेश का नहीं. 8 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव 20 घंटे के भीतर दूसरी बार राजभवन पहुंचे. उन्होंने राज्यपाल से कहा कि जब सरकार अल्पमत में है ऐसे में वह नियुक्तियां कैसे कर सकती है, इस पर तत्काल रोक लगाई जाए. 9 कांग्रेस से बगावत कर भाजपा का दामन थाम चुके पूर्व मंत्री बिसाहू लाल सिंह के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में की गई शिकायत में मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है. आरोप है कि बिसाहू लाल के परिवार के 11 सदस्य हर महीने 55 किलो अनाज ले रहे हैं. 10 कोरोना का असर मध्यप्रदेश में भी दिखाई दे रहा है. भोजपुर, ओरछा, खजुराहो के मंदिर बंद कर दिए गए हैं. सांची और भीमबैठका में पर्यटकों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. महाकाल की भस्म आरती में एक भी श्रद्धालु नहीं पहुंचा है. ओमकारेश्वर में ममलेश्वर के कपाट बंद कर दिए गए हैं.