सोमवार को विधानसभा का बजट सत्र प्रारंभ होने के बाद राज्यपाल का अभिभाषण हुआ और अभिभाषण के कुछ समय बाद विधानसभा को 26 मार्च तक के लिये स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले विधानसभा के बजट सत्र में महामहिम राज्यपाल लालजी टंडन ने अपने अभिभाषण में स्पीकर और सदन में सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वचनपत्र के वचनों की पूर्ति के लिये अमल किया है। अपने वचनपत्र के आधार पर अगले पांच साल के लिये रोडमैप तैयार किया है और विश्वास है कि इसके आधार पर सरकार प्रदेश की एक नई प्रोफाइल और तस्वीर बनाने में कामयाब होगी। अभिभाषण के बाद राज्यपाल ने कहा कि सभी अपने अपने दायित्वों को निभाएं, उन्होने कहा कि मैं सभी माननीय सदस्यों को सलाह देना चाहता हूं कि प्रदेश की जो स्थिति है उसमें जिसका जो दायित्व है वो उसे शांतिपूर्ण तरीके से, निष्ठापूर्वक और संविधान द्वारा निर्देेशित नियमों के अनुसार उसका पालन करें। राज्यपाल ने कहा कि मध्यप्रदेश की जो गौरवशाली लोकतांत्रिक परंपरा है सभी उसका निर्वहन करें।