1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ रविवार देर शाम दिल्ली रवाना हो गए हैं. वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से राज्यसभा के लिए नामों पर चर्चा करेंगे. इसके अलावा मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार सहित हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर बने हालातों पर भी चर्चा होगी. 2 बेंगलुरु में 6 दिन से जमे 3 विधायकों में से एक कांग्रेसी विधायक बिसाहूलाल सिंह भोपाल लौट आए हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की और कहा कि मैं तीरथ करने गया था, मुझे किसी ने बंधक नहीं बनाया मैं कांग्रेस में ही रहूंगा. 3 अब भी बाकी दो विधायक बेंगलुरु में हैं जिनके बारे में मंत्री बाला बच्चन का कहना है कि विधायक हरदीप सिंह डंग और कंसाना उनके संपर्क में हैं. हालांकि बसपा विधायक रामबाई अपनी बेटी की तबीयत खराब होने की वजह से दिल्ली और निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा मुंबई चले गए हैं. 4 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके कहा कि भाजपा की साजिश फेल हो गई है, मुख्यमंत्री कमलनाथ जी को बधाई. उन्होंने कहा कि हम सब मध्यप्रदेश के मतदाताओं के निर्णय का सम्मान करते हुए भाजपा की साजिश कामयाब नहीं होने देंगे. 5 हालांकि भाजपा ने अपनी कोशिश जारी रखी है. दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, धर्मेंद्र प्रधान, राकेश सिंह आदि आला नेताओं ने तोमर के निवास पर कई घंटे बातचीत की. खबर है कि कांग्रेस के बागी विधायक हरदीप सिंह डंग भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया के साथ हैं. 6 वहीं विजय राघौगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक ने ट्वीट करके कहा है कि इस जग में जितने जुल्म नहीं उतने सहने की ताकत है, मैं सागर से भी गहरा हूं तुम कितने भी कंकड़ फेंकोगे चुन-चुन कर आगे बढूंगा. 7 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि डरी हुई कमलनाथ सरकार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर डराने का प्रयास कर रही है. वहीं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भाजपा की जमीन दरकते देखकर सभी विधायकों को अपने निवास पर भोज में आमंत्रित किया है. 8 राजगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित महिला सम्मेलन में जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा है कि यहां के थप्पड़ की गूंज पूरे देश भर में फैली है, ऐसी महिला कलेक्टर को प्रमोशन होने तक यहीं कलेक्टर रखें, इसके बाद आयुक्त भी यहीं बना दें. 9 राज्यसभा की 2 सीटों के लिए भाजपा ने 25 दावेदारों के नाम भेजे हैं. हालांकि भाजपा की जीत की संभावना एक ही सीट पर है लेकिन भाजपा ने तय किया है कि पार्टी प्रदेश में रिक्त हो रही 3 में से 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. 25 नामों में प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया सहित अनेक दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं. 10 जेंडर बजट की तर्ज पर ही मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार इस बार प्रयोग के तौर पर अलग से चाइल्ड बजट प्रस्तुत करने जा रही है. बजट में इसकी अलग बुक होगी जिसमें 10 से अधिक विभागों की 18 वर्ष तक के बच्चों की योजनाओं को एक साथ लाया जा सकता है. इसकी राशि करीब 30000 करोड रुपए हो सकती है. मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री ने इसका प्रारूप भी देखा है.