मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में चित्रकूट से लेकर अमरकंटक तक चिन्हांकित किये गये राम वन पथ गमन के निर्माण के लिये न्यास का गठन करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में न्यास का गठन होगा। न्यास में मुख्य सचिव सदस्य होंगे तथा अन्य न्यासी सदस्य भी होंगे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने राजधानी भोपाल के बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान में यादव महासभा मध्यप्रदेश के प्रांतीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि आज ऐसी शक्तियों को भी पहचानना जरूरी है, जो देश को बाँटने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति अनेकता में एकता की संस्कृति है। इसकी असली शक्ति आध्यात्मिक शक्ति है, जो देश को बांधे रखती है और आगे बढ़ाती है। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी.शर्मा ने राजधानी भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती पत्रकार श्री सुनील तिवारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। श्री शर्मा ने श्री तिवारी की पत्नी श्रीमती प्रेमलता और परिजनों से कहा कि इलाज में हर संभव मदद करेंगे। उन्होने चिकित्सकों से श्री तिवारी के इलाज के संबध में चर्चा की और उचित उपचार और देखभाल के लिए कहा। ऊर्जा मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह ने सभी बिजली उपभोक्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि बिजली लाइनों के नीचे होलिका दहन नहीं करें। उन्होंने कहा कि लाइनों, उपकरणों के नीचे या ट्रांसफार्मर के समीप होलिका दहन करने पर बड़ी दुर्घटना घटने की संभावना सदैव बनी रहती है। 'नमस्ते ओरछा' महोत्सव के पहले दिन आज पुष्य नक्षत्र में बड़ी संख्या में पर्यटकों ने ओरछा में भगवान रामराजा के दर्शन किये। मान्यता है कि भगवान राम आज ही के दिन ओरछा पधारे थे। रामराजा मंदिर में आसपास के जिलों के साथ देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने भगवान रामराजा की पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। प्रदेश की स्थानीय विशिष्ट फसल प्रजातियों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने और भौगोलिक सांकेतिक (जीआई) टेग के साथ फसलों का चयन प्र-संस्करण मूल्य संवर्धन और विपणन व्यवस्था संबंधी रणनीति निर्धारण के लिये आज प्रशासन अकादमी में कार्यशाला हुई। भारत सरकार के 'एक जिला-एक फसल' कार्यक्रम के तहत हुई कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों, विषय विशेषज्ञों, प्रगतिशील किसानों, कृषि उत्पाद उद्यमियों और विभागीय अधिकारियों के बीच मंथन हुआ।