1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे की खबर मिली है, किंतु अभी तक उनका त्यागपत्र नहीं मिला और ना ही उन्होंने मुझसे प्रत्यक्ष मुलाकात की है, जब तक उनसे चर्चा नहीं हो जाती तब तक टिप्पणी करना उचित नहीं है. 2 डंग के इस्तीफे के बाद सत्ता की बिसात पर कांग्रेस की मात होती दिख रही थी लेकिन भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी, संजय पाठक और कौल के मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने के बाद हालात फिर कांग्रेस के पक्ष में आ गए. ताजा गणित यह है कि भारतीय जनता पार्टी के लगभग 5 विधायक जिनमें त्रिपाठी, शरद कौल और पाठक शामिल हैं कांग्रेस के खेमे में जाते हुए इस्तीफा दे सकते हैं. 3 सियासी तूफान के बीच कांग्रेस ने डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री कमलनाथ शीघ्र ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं, जिसमें निर्दलीय विधायकों को शामिल किया जाएगा. स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कमान अपने हाथ में ले ली है. 4 इस बारे में पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का कहना है कि भाजपा यदि हमारा एक विकेट गिराएगी तो हम इसके बदले उसके 3 विकेट गिरा देंगे. वहीं विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने कहा कि डंग के इस्तीफा देने की खबर मिली है. जब वह इस्तीफा देंगे, तब जरूरी कदम उठाएंगे. 5 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि हॉर्स ट्रेडिंग के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा, संजय पाठक, विश्वास सारंग और भूपेंद्र सिंह जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा अब तक तीन बार सरकार गिराने की कोशिश में मात खा चुकी है. 6 वही उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम के मास्टरमाइंड शिवराज सिंह हैं. हम एक-दो दिन में सारे ऑडियो-वीडियो जारी करेंगे. उन्होंने कहा जहां बीजेपी की सोच खत्म होती है, वहां कमलनाथ की सोच शुरू होती है. 7 वहीं नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि बसपा व सपा विधायकों के बयान से स्पष्ट हो गया है कि दिग्विजय सिंह झूठ बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि उमंग सिंघार के ट्वीट से साफ हो गया है कि सभी लड़ाई राज्यसभा की सीट के लिए है. 8 पूर्व मंत्री संजय पाठक ने उनकी खदानों पर कार्यवाही को लेकर कहा कि अगर यह भाजपा से प्यार का पंचनामा है तो मुझे मंजूर है. वहीं कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि पाठक खुद कांग्रेस में आने के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं. 9 बसपा विधायक रामबाई ने विधायकों को बंधक बनाने और उन्हें रेस्क्यू करने के मंत्रियों के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि हम मर्जी से गए थे दुनिया में कोई पैदा नहीं हुआ जो हम को हाथ लगा सके. 10 रायपुर जाने का कहकर निकले अनूपपुर विधायक बिसाहू लाल सिंह रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं. 2 दिन बाद उनके बेटे ने टीटी नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि बिसाहू लाल का मोबाइल बंद है.