Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
03-Mar-2020

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा क्रियान्वित की जाने वाली 15 ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजनाओं को स्वीकृति दी गयी। इन जलप्रदाय योजनाओं की कुल अनुमानित लागत 7854 करोड़ 68 लाख रूपये है। इन योजनाओं के कार्य पूर्ण होने पर 13 जिलों के 4022 गाँव को घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। मंत्रि-परिषद ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल इन्दौर की परियोजना के लिये 237 करोड़ और 970 नये पद का सृजन कर दो चरणों में भर्ती करने के लिये प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय जबलपुर में 'स्टेट एलाइड हेल्थ साईंस इंस्टीट्यूट जबलपुर' की स्थापना के लिये 54 पद तथा इन्दौर चिकित्सा महाविद्यालय में स्थापित 'स्टेट एलाइड हेल्थ साईंस इंस्टीट्यूट इन्दौर' के संचालन के लिये 59 पदों का सृजन स्व-वित्त पोषित संस्थाओं के अंतर्गत करने की मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने राजधानी भोपाल के बावड़ियाकला में अक्षय पात्र संस्था द्वारा एचईजी के सहयोग से निर्मित मेगा किचन इकाई का शिलान्यास करते हुए कहा कि बेहतर समाज और देश के नव-निर्माण के लिए जरूरी है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भोजन मिले। उन्होंने कहा कि अक्षय पात्र संस्था ने बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने के लिए गरम और अच्छा भोजन देने की अनुकरणीय पहल की है। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने विश्व वन्य-जीव दिवस के अवसर पर कार्टूनिस्ट श्री हरिओम तिवारी की बाघों को समर्पित कार्टून कला की किताब 'टाइगर स्पीक' का विमोचन किया। इस अवसर पर श्री हरिओम तिवारी ने टाइगर स्टेट विषय पर बनाया कार्टून चित्र मुख्यमंत्री को भेंट किया। आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम ने प्रदेश के आदिवासी अंचल के प्रतिभाशाली बच्चों को भोपाल स्थित हबीबगंज रेलवे स्टेशन से आईआरसीटीसी की वातानुकूलित स्पेशल ट्रेन से भारत दर्शन के लिये रवाना किया। श्री मरकाम ने बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान दी जाने वाली जानकारी को ध्यान से सुनें और उसका स्वयं के नेतृत्व विकास में पूरा-पूरा उपयोग करें। खनिज साधन मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल ने विभाग द्वारा खनिज साधन विभाग के नवीन पोर्टल को WWW.MINING.MP.GOV.IN लाॅच किया गया। नवीन रेत नीति, 2019 पर आधारित निविदाओं शिवपुरी, सीहोर एवं भिण्ड जिले के सफल निविदाकारों द्वारा सभी प्रक्रिया पूर्ण कर अनुबंध उपरांत अब पोर्टल के माध्यम से ई.टी.पी. जारी कर सकेंगे। मुख्य सचिव श्री सुधि रजंन मोहन्ती ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये किये गये उपायों की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि विदेशों से आये यात्रियों, विशेषकर चीन से आये यात्रियों का मेडिकल चेकअप जरूर करवाया जाये। डॉक्टरों की टीम बनाने में विशेषज्ञता का ध्यान रखा जाये।