1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आगर मालवा से कर्ज माफी के तीसरे चरण की शुरुआत करते हुए कहा है कि हम कृषि के क्षेत्र में क्रांति लाएंगे तथा मध्यप्रदेश को देश की हॉर्टिकल्चर राजधानी बनाया जाएगा. उन्होंने ऋण माफी योजना के तीसरे चरण की शुरुआत की और 9448 किसानों को 134.96 करोड़ रुपए की कर्ज माफी के प्रमाण पत्र वितरित किए. कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी, कृषि मंत्री सचिन यादव, प्रभारी मंत्री जयवर्धन सिंह व जल संसाधन मंत्री हुकुम सिंह कराड़ा भी उपस्थित थे. 2 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेसी विधायकों को खरीदने के लिए 25 से 35 करोड़ रुपए का ऑफर दे रही है. दिग्विजय ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री और नरोत्तम मिश्रा उपमुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं. 3 दिग्विजय सिंह के आरोप पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दिग्विजय सिंह को मुख्यमंत्री के सामने अपना महत्व साबित करना होगा, उनका कोई काम रुका होगा इसलिए वे यह सब कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के दिमाग का कोई आकलन नहीं कर सकता उनके दिमाग में हमेशा कोई फितूर चलता ही रहता है. 4 वही इस बारे में नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल खत्म हो रहा है अब उन्हें कुछ काम तो करना चाहिए इसलिए वे अपनी पार्टी पर प्रेशर बना रहे हैं. वहीं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि दिग्विजय सिंह यदि किसी विधायक की बोली लगाते हैं तो इससे बड़ा अपमान लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधि का नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि अगर दिग्विजय सिंह के पास सबूत हैं तो वह सामने लाएं. 5 भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से परिचय बैठक में विधायकों ने कहा है कि अधिकारी सरकार के इशारे पर विधायकों व सांसदों के प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर रहे हैं. इस पर वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि विधानसभा सत्र में इस मुद्दे पर सरकार को घेरा जाएगा. 6 युवा कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के पहले नेताओं को 7500 रुपए पार्टी कोष में जमा कराने होंगे. जिला अध्यक्ष पद के लिए यह राशि 3000 रुपए होगी. इस प्रकार विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार का खाका तैयार कर लिया गया, हालांकि दावेदारों ने साक्षात्कार का विरोध किया है. 7 मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी की कार्यसमिति की बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आरिफ अकील ने भोपाल एवं इंदौर को इंबारकेशन पॉइंट बनाने का मुद्दा उठाया है. उन्होंने हज यात्रा का कोटा बढ़ाने की बात भी कही. इस पर हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ डॉ मकसूद अहमद खान ने कहा कि मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी भोपाल में यूपीएससी और पीएसी के हॉस्टल के साथ कोचिंग खोलना चाहती है तो उसे आर्थिक सहायता, फैकल्टी, स्टडी मटेरियल दिया जाएगा. 8 भोपाल के इकबाल मैदान में नागरिकता संशोधन कानून एनपीआर और एनआरसी के विरोध में जलसे के दौरान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र खालिद ने दिल्ली दंगे को लेकर कहा कि यह दंगा नहीं प्रायोजित हिंसा थी. इस दौरान स्वामी अग्निवेश ने नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी जैसे मुद्दों को लेकर 11 मार्च से अनशन शुरू करने की धमकी भी दी. 9 हनी ट्रैप मामले में एसआईटी ने हाई कोर्ट को अब तक स्टेटस रिपोर्ट नहीं दी है. वहीं इस मामले में आयकर विभाग ने आरोप लगाया है कि एसआईटी के दस्तावेजों से पन्ने गायब हैं. हाई कोर्ट ने निर्देश दिया है कि एसआईटी 16 मार्च से पहले रिपोर्ट दे, वरना एसआईटी चीफ खुद आएं, सीबीआई एसपी भी सुनवाई में मौजूद रहें. 10 मध्यप्रदेश सरकार अब किसी को भी मुफ्त में जमीन नहीं देगी. जमीन का उपयोग संपदा संपत्ति के रूप में किया जाएगा. ई ऑक्शन के माध्यम से ऐसी जमीनों की नीलामी होगी. इस बारे में कैबिनेट बैठक में राजस्व विभाग प्रस्ताव ला रहा है.