मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आगर-मालवा के बैजनाथ मंदिर में पूजन अर्चन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जनसंपर्क मंत्री श्री पीसी शर्मा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे, जल संसाधन मंत्री श्री हुकुम सिंह कराड़ा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आगर-मालवा जिला मुख्यालय पर आयोजित जय किसान फसल ऋण माफी कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश में पिछले 14 महीनों में कृषि के क्षेत्र में भारी परिवर्तन आया है। राज्य सरकार ने जय किसान फसल ऋण माफी योजना लागू कर पहले चरण में ही 21 लाख से अधिक पात्र किसानों के ऋण माफ कर अपनी नेकनीयती का सशक्त प्रमाण दिया है। श्री कमल नाथ ने बताया कि इस योजना के तृतीय चरण में आगर-मालवा जिले के 9448 किसानों के करीब 135 करोड़ के फसल ऋण माफ किये गये है। मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा जिले के ग्रामीण इलाकों में हर घर-नल जल योजना से पेय जल पहुँचाने के लिये 604 करोड़ की योजना का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा जिले में कुल 865 करोड़ रूपये लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 686 करोड़ लागत के कार्यो का भूमि-पूजन और 180 करोड़ की लागत के कार्यों का लोकार्पण शामिल है। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने प्रदेश के जिला जनसम्पर्क अधिकारियों की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में आये बदलाव के अनुरूप खुद को तैयार करें। उन्होंने कहा कि परंपरागत प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ अब डिजिटल और सोशल मीडिया का भी युग है। श्री शर्मा ने कहा कि जनसंचार के साधनों और तकनीक में आ रहे बदलाव को समझें और उसका बेहतर उपयोग करने के लिये स्वयं को सक्षम बनाएं। ऊर्जा मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह ने तीनों विद्युत वितरण कम्पनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद ही विद्युत मेन्टेनेंस करें। इस दौरान विद्युत प्रदाय सुचारू रखने के लिये आवश्यक कार्य ही करें। विद्युत मेन्टेनेंस अप्रैल माह में करें। मुख्य सचिव श्री एस.आर.मोहन्ती की उपस्थिति में मंत्रालय के समक्ष सरदार पटेल पार्क में पूर्वान्ह 11 बजे राष्ट्र-गीत 'वंदे-मातरम' और राष्ट्र-गान 'जन गण मन' का सामूहिक गायन संपन्न हुआ। इससे पूर्व पुलिस बैंड ने शौर्य स्मारक से सरदार पटेल पार्क तक मार्च करते हुए देश भक्ति के गीतों की धुनें प्रस्तुत की। प्रदेश की सुप्रसिद्ध धार्मिक नगरी ओरछा में 6 मार्च से प्रारंभ होने जा रहे तीन दिवसीय 'नमस्ते ओरछा' महोत्सव में पर्यटकों को ग्वालियर से ओरछा तथा ओरछा से ग्वालियर आने-जाने के लिये विशेष हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रमुख सचिव पर्यटन श्री फ़ैज़ अहमद क़िदवई ने कहा है कि पर्यटकों का समय बचाने के लिये.पर्यटन विभाग ने प्राईवेट हेलीकॉप्टर सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के साथ मिलकर पर्यटकों को यह सेवा प्रदाय करने का निर्णय लिया है।