Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
29-Feb-2020

1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इंदौर में सीआईआई के पदाधिकारियों और उद्योगपतियों से बात करते हुए कहा है कि यदि किसी जमीन पर कोई व्यक्ति आर्थिक गतिविधि कर रोजगार देना चाहता है तो इसमें लैंड यूज़ आड़े नहीं आना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इस पर विचार करेंगे कि उद्योगों को लीज पर दी जाने वाली जमीन फ्री होल्ड कर दी जाए. 2 उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2015 - 16, 16 - 17 में वैल्यू ऐडेड टैक्स लागू था और इसकी सब्सिडी राशि उद्योग को अभी तक नहीं मिली है जो करीब 16 सौ करोड़ रुपए है. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नगद तो नहीं दे सकते लेकिन इसके बदले वचन पत्र देंगे जिसको बैंक में रख उद्योगपति राशि ले सकते हैं. 3 वन मंत्री उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से अपर मुख्य सचिव एपी श्रीवास्तव की शिकायत करते हुए पत्र में लिखा है कि अपर मुख्य सचिव ना तो आपके आदेशों का पालन कर रहे हैं और ना ही मुझे तवज्जो दे रहे हैं, इससे विभाग की महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रभावित होती हैं. वहीं अपर मुख्य सचिव ने 47 दिन का अवकाश मांगा है. 4 मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किए जाने के संबंध में संसदीय कार्य मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह का कहना है कि इस पर विचार हो रहा है, मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है, मुख्यमंत्री चाहते हैं कि अध्यक्ष और अन्य लोगों से राय के बाद अंतिम निर्णय किया जाए. 5 मध्यप्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को ग्वालियर में विधानसभा क्षेत्र के सभी अधिकारियों की बैठक में एक नाले में पिछले दिनों डूबे बालक की मौत को लेकर चिंता जताई और इसके लिए जिम्मेदार कंपनी पर एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए. 6 भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने आरोप लगाया है कि पूरी सरकार शराब और शबाब पर केंद्रित हो गई है. उन्होंने कहा कि कुछ महीनों में सरकार सिर्फ शराब की दुकान खोलने में जुटी है. नरोत्तम मिश्रा के आरोप पर टिप्पणी करते हुए संसदीय कार्य मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा है कि भाजपा 15 साल शराब और शबाब में मस्त रही अब उसे उसकी यादें आने लगी हैं. 7 कसरावद में मिर्ची महोत्सव का आयोजन आज से किया जाएगा. इसका उद्घाटन कृषि मंत्री सचिन यादव करेंगे. इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा व डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ भी उपस्थित रहेंगे. 8 मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस को 22 मार्च तक नया अध्यक्ष मिलने की संभावना है. ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के कमिश्नर सुमित खन्ना ने भोपाल में चुनाव की घोषणा करते हुए कहा है कि यह चुनाव श्नेता बनो और नेता चुनोश् की तर्ज पर होगा. इसके अनुसार मेंबरशिप और वोटिंग ऑनलाइन होगी. 9 स्मार्ट सिटी के विरोध में मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने शनिवार को धरना प्रदर्शन करने का फैसला किया है. गुप्ता का कहना है कि राज्य सरकार स्मार्ट सिटी के नाम पर मनमाने ढंग से काम कर रही है. 10 उधर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि संत हिरदाराम नगर की बंद स्ट्रीट लाइट 1 माह के भीतर चालू नहीं हुई तो वह रहवासियों के साथ नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मशाल जुलूस निकालेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के दबाव में निगम संत नगर में हाई मास्ट लाइट लगाने और उन्हें चालू करने में रुकावट पैदा कर रहा है.