मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने इंदौर में नई निवेश नीति के परिणाम स्वरूप स्थापित आशा कॉन्फेक्शनरी का अवलोकन करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में उपलब्ध संसाधनों और सरकार की बेहतर नीतियों से प्रोत्साहित होकर निवेशक प्रदेश में उद्योग लगाने के लिये उत्सुक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता और उद्यमियों के सहयोग से प्रदेश में औद्योगिक क्रांति लाएँगे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने इंदौर में कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के 125वें वार्षिक अधिवेशन में 'बिजनेस एण्ड बियोन्ड' विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि समाज और देश में हर स्तर पर समानता लाने के लिए औद्योगिक समूहों को कमजोर वर्ग के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। इससे उद्योगों के साथ-साथ देश के विकास में भी तेजी आएगी। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने इंदौर में पीथमपुर औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश को फॉर्मास्युटिकल हब बनाया जाएगा। श्री कमल नाथ ने इससे जुड़ी औद्योगिक इकाइयों से आग्रह किया कि वे मध्यप्रदेश आएं और निवेश करें। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा आगर-मालवा जिला प्रभारी मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने सुसनेर में 'जय किसान फसल ऋण माफी योजना'' के द्वितीय चरण में सुसनेर-नलखेड़ा के 5195 किसानों के 33 करोड़ 33 लाख रुपये के ऋण माफी पत्र और सम्मान-पत्र वितरित किये। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि फसल ऋण माफी योजना में कृषकों को कर्ज से मुक्ति मिली है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह ने मुरैना जिले में विकासखण्ड कैलारस के ग्राम चमरगवां में 33/11 के.व्ही. विद्युत उप-केन्द्र का लोकार्पण किया। विद्युत उप-केन्द्र का निर्माण एक करोड़ 22 लाख 77 लाख की लागत से करवाया गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे ने मुलताई में ताप्ति महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि महोत्सव से सांस्कृतिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुलताई को सांस्कृतिक गतिविधियों का केन्द्र बनाया जायेगा।