1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कुर्मी क्षत्रिय समाज के भोपाल में आयोजित युवक युवती परिचय सम्मेलन में कहा कि युवा पीढ़ी की बौद्धिक क्षमता का उपयोग समाज और देश के हित में करना जरूरी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 15 सालों में निरर्थक घोषणाएं अधिक हुई हैं, मैं घोषणा नहीं करूंगा काम करके दिखाऊंगा. इस अवसर पर मंत्री सुखदेव पांसे और कमलेश्वर पटेल भी विशिष्ट अतिथियों के रूप में मौजूद थे. 2 वहीं धार में बुधवार को डही में 12 सौ करोड़ रुपए से अधिक के 40 विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास करने पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि यहां बनने वाली सिंचाई परियोजना आदिवासी नायक टंट्या भील के नाम से जानी जाएगी. उन्होंने कहा कि आदिवासियों को विगत 15 वर्षों से छला गया है, हम ऐसे नीति बना रहे हैं जिससे किसानों की दशा सुधरे. 3 पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार की लापरवाही को दिल्ली की हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया है. सिंधिया ने कहा कि दोनों सरकारों ने दिल्ली के बिगड़े हालात को काबू करने में बहुत ज्यादा समय लगाया है. 4 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि देश में फैल रही नफरत की आग पर काबू पाने के लिए कांग्रेस और वे सारे लोग जो इस आग को बुझाना चाहते हैं आगे आएं, शांति मार्च करें. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह 24 घंटे में 3 बार बैठक कर चुके हैं लेकिन दिल्ली के हालात नहीं सुधरे. 5 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि गृहमंत्री अमित शाह का इस्तीफा मांगने वाली सोनिया गांधी पहले 1984 के दंगों का जवाब दें. शर्मा ने कहा कि सोनिया बताएं कि दिल्ली में पेट्रोल कहां से आया और किसने बांटा? 6 वहीं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दिल्ली के उपद्रवियों को कांग्रेस का खुला समर्थन प्राप्त है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कई बार दंगाइयों में जोश भरने का काम करते रहे हैं. 7 मध्यप्रदेश के 80ः गांव विकास की दौड़ में पिछड़ गए हैं. केंद्र सरकार ने ग्राम विकास स्कोर कार्ड तैयार किया है, जिसमें यह जानकारी मिली है. इस बारे में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा है कि सरकार इस रिपोर्ट के आधार पर ग्राम विकास का खाका खींच रही है. 8 कांग्रेस में राज्यसभा में अनुसूचित जाति - जनजाति के नेता को भेजे जाने की मांग उठी है. राज्यसभा चुनाव को लेकर 3 मार्च को प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया और कमलनाथ के बीच बैठक होगी. हीरालाल अलावा जैसे आदिवासी विधायकों का मानना है कि राज्यसभा की एक सीट पर आदिवासी नेता को भेजा जाना चाहिए. 9 कमलनाथ सरकार के माफिया मुक्त प्रदेश अभियान में सहकारी गृह निर्माण समितियों के 15 वर्ष पुराने मामले खुल रहे हैं. इन समितियों की आड़ में गोरखधंधा करने वाले भू माफिया के खिलाफ 3 माह में 4500 शिकायतें सहकारिता विभाग के पास पहुंची हैं. विभाग ने करीब 40 समितियों की जांच शुरू कर दी है. 10 मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में 27 से 29 मार्च तक आयोजित होने वाले आईफा अवार्ड के लिए पैसा प्रायोजकों से जुटाया जाएगा. वित्त विभाग द्वारा एतराज जताने के बाद सरकार ने इसके लिए निजी कंपनियों से बातचीत शुरू कर दी है और अभी तक उद्योगपतियों से लेकर बड़े कारोबारियों से 28 करोड़ रुपए के प्रस्ताव मिल चुके हैं.