Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
26-Feb-2020

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने धार जिले के विकासखण्ड डही में 1085 करोड़ 20 लाख रुपये लागत की माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना का शिलान्यास करते हुए कहा कि यह योजना आदिवासी समाज के नायक टंट्या भील के नाम से जानी जाएगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज सहज, सरल और मेहनतकश है। इस समाज को वर्षों तक छला गया है किन्तु अब ऐसा नहीं होगा। श्री कमल नाथ ने कहा कि आदिवासी समाज के साथ मिलकर हम सब प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखेंगे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा में पुलिसकर्मियों के नव-निर्मित आवासों का लोकार्पण करते हुए कहा कि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग नई तकनीक का उपयोग कर आम जनता को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि यही वो दो विभाग हैं, जो शासन-प्रशासन की बेहतर छवि के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के समक्ष प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए मंत्रालय में राज्य सरकार और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। एम.ओ.यू. के तहत मध्यप्रदेश आरोग्यम हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर्स के माध्यम से प्रदेश की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने मध्यप्रदेश कुर्मी क्षत्रीय समाज के 20वें अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी की बौद्धिक क्षमता का उपयोग समाज और देश हित में करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही इस देश को सुरक्षित रखने और समृद्ध बनाने में सक्षम है। राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने सागर विकासखण्ड राहतगढ़ के ग्राम पीपरा में 30 करोड़ 21 लाख रूपये की लागत से निर्मित किए जाने वाले कार्यो का भूमिपूजन किया। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पीपरा क्षेत्र के विकास एवं पेयजल संकट से को देखते हए कड़ान नदी परियोजना में पीपरा सहित आसपास के 14 ग्रामों को जोडा जाएगा। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने दमोह में 5 करोड़ की सड़कों, 60 लाख के रैन-बसेरों, 78 लाख के फुटेरा तालाब लेक-व्यू रोड, 31 करोड़ 22 लाख की आवास योजना में स्वीकृत बीएलसी भवन और 98 लाख की लागत के विधायक निधि से स्वीकृत कुल 38 करोड़ के कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने बस-स्टैण्ड के सौंदर्यीकरण के लिये 6 करोड़ 50 लाख रुपये स्वीकृत करने की भी घोषणा की।