1 मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि बजट में आम जनता विशेष तौर पर ग्रामीणों से संबंधित योजनाओं को शामिल कर वचन पत्र में किए गए वादों को पूरा करने पर फोकस किया जाए. मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में कमलनाथ ने साफ कर दिया कि वित्तीय स्थिति की बात कह कर जरूरी मदों में कटौती न की जाए. वहीं वित्तमंत्री तरुण भनोत ने कहा कि सोशल सेक्टर से जो योजनाएं सीधे जुड़ी हैं उनमें किसी तरह की कटौती नहीं होगी. 2 भोपाल से गुना रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में कांग्रेस के महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि अभी सरकार बने 1 साल हुआ है वचन पत्र के सभी वादे 5 साल में पूरे होंगे. उन्होंने कहा कि इसके बाद भी पूरे नहीं हुए तो हमें जनता के साथ खड़े रहना होगा. 3 वहीं गुना में दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व ज्योतिरादित्य सिंधिया की मुलाकात सड़क पर हुई. दोनों ने एक दूसरे को माला पहनाकर स्वागत किया और जनता में यह संदेश दिया कि किसी तरह का मतभेद नहीं है. दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की बजाय भाजपा में गुटबाजी की बात कही और कहा कि भाजपा में देखा जा सकता है कि किस तरह पूर्व मुख्यमंत्री की उनकी पार्टी के नेता ही घेराबंदी कर रहे हैं. उधर सिंधिया ने कहा कि दिग्विजय सिंह और उनकी मुलाकात होती रहती है, इसके बाद भी ना जाने क्यों बात का बतंगड़ बनाया जाता है. 4 लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया कि नरेंद्र मोदी द्वारा दीवारों के पीछे छुपाए गए हजारों लोग भी ट्रंप का स्वागत करना चाहते थे उन सभी की ओर से मैं ट्रंप का अभिनंदन करता हूं. उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि श् प्रधानमंत्री दीवार बनाओ गरीबी छुपाओ श् योजना का आज अहमदाबाद में भव्य लोकार्पण, मोदी है तो यही मुमकिन है. 5 निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने कहा है कि सरकार पर पूरी तरह से ब्यूरोक्रेसी हावी हो गई है. उन्होंने कहा कि निगम - मंडलों की नियुक्तियों में हो रही देरी से कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हैं, इसलिए मुख्यमंत्री को जल्द नियुक्तियां करना चाहिए. शेरा ने यह भी कहा कि सज्जन सिंह वर्मा ने इंदौर में ब्यूरोक्रेसी को लेकर जो बयान दिया है वह सही है. 6 इंदौर में आईफा अवार्ड के लिए आने वाले फिल्मी सितारों के लिए छह होटल में 1000 कमरे बुक किए गए हैं. इंदौर एयरपोर्ट पर जगह कम होने से भोपाल और अहमदाबाद एयरपोर्ट पर विमानों की पार्किंग की जाएगी. फिल्म स्टार दर्शन के लिए खजराना गणेश मंदिर और उज्जैन महाकालेश्वर मंदिर भी जाएंगे. इस अवसर पर प्रदेश की संस्कृति का प्रचार करने के लिए हेरिटेज वॉक होगी और जनजातीय नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी. 7 उधर मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और संगठन प्रभारी सुहास भगत से अलग-अलग मंत्रणा की. इसमें प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करने की तैयारी पर बातचीत की गई. आगामी उपचुनाव को लेकर भी मंत्रणा हुई है. 8 इंदौर में 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले 29 साल के दरिंदे अंकित विजयवर्गीय को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है. कोर्ट का कहना है कि सभ्य समाज में ऐसे लोग रहने के लायक नहीं हैं. अंकित ने 1 दिसंबर 2019 को महू में माता-पिता के साथ सो रही बच्ची को ले जाकर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी. 9 राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता द्वारा भाजपा कार्यकर्ता को थप्पड़ मारे जाने के बाद दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान सरकार ने कहा है कि जिस वक्त रैली निकाली जा रही थी तब जिले में धारा 144 लगी हुई थी. रैली की अनुमति भी निरस्त कर दी गई थी. 10 मौसम का मिजाज बदलने से शिवपुरी, बालाघाट, सिवनी, शहडोल और उमरिया जिले में फिर से ओले गिरे, इससे फसलों को भारी नुकसान हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि डेढ़ सौ से 200 ग्राम तक के ओले गिरे हैं जिससे सब्जी की फसल पूरी तरह चौपट हो गई. वहीं शिवपुरी में बारिश से फसलों को 50 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है.