Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
24-Feb-2020

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आदिवासी बाहुल्य डिण्डौरी जिले में माता शबरी जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह एवं आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में विकास का नया इतिहास बनाया जाएगा। आदिवासी क्षेत्रों से पलायन को रोकने, रोजगार देने और स्थानीय उपज का उचित दाम दिलाने के लिए सुनियोजित योजनाएं बनेंगी। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने राजभवन में प्रेस प्रकोष्ठ कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों के संबंध में प्रेस प्रकोष्ठ के अधिकारियों-कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री सचिन यादव ने दिल्ली में आयोजित एग्रीकल्चर कॉनक्लेव एंड स्वराज अर्वाड्स कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री यादव ने कहा कि जैविक खेती में किसानों की सभी समस्याओं का समाधान है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह अपने प्रभार के जिला राजगढ़ के अंतर्गत ब्यावरा में आयोजित माँ शबरी जयंती समारोह में शामिल हुए। आदिम-जाति कल्याण मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम भी कार्यक्रम में पहुँचे। मंत्रीद्वय को कार्यक्रम में साफा बाँधकर और तीर-कमान भेंट कर सम्मानित किया गया। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री आरिफ अकील ने स्थानीय नागरिकों और संभागायुक्त श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव के साथ अपने निवास पर भोपाल विकास प्लान का प्रेजेन्टेशन देखा। श्री आरिफ अकील ने उपस्थित नागरिकों से प्लान पर अगले 2-3 दिन के भीतर सुझाव देने को कहा। श्री अकील ने बताया कि नागरिकों से प्राप्त सुझावों को विभाग को प्रेषित किया जायेगा। उच्च शिक्षा एवं युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने राऊ विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। वे क्षेत्र की लगभग सभी कॉलोनियों और ग्रामीण अंचल में पहुँचे तथा लोगों से सीधा संवाद किया। श्री पटवारी ने भ्रमण के दौरान लोगों की समस्याओं का निराकरण भी किया। कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री हर्ष यादव ने भोपाल हाट में नेशनल हैण्डलूम एक्सपो के समापन अवसर पर प्रदेश के उत्कृष्ट शिल्पियों को राज्य-स्तरीय कबीर बुनकर एवं विश्वकर्मा पुरस्कार प्रदान किये। उन्होंने कहा कि माटी शिल्प, बांस शिल्प, काष्ठ कला, बुटिक प्रिंट, गोंडी चित्रकला, ब्लॉक प्रिंट, जूट शिल्प और ऐसी ही अन्य हस्तकलाओं के प्रतिभावान कलाकारों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा ऊर्जा मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह ने आगर विकासखण्ड के ग्राम जमुनिया एवं भ्याना में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आगर विधानसभा क्षेत्र में किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिये जरूरत के अनुसार नए ग्रिड स्वीकृत किये जायेंगे। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैम्प लगाकर विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण करें।