1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि मध्यप्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट की बैठक तामिया में आयोजित की जाएगी ताकि मंत्री यहां आकर देखें कि पर्यटन को कैसे विकसित किया जा सकता है. तामिया में प्राइवेट - पब्लिक पार्टनरशिप की तर्ज पर विकसित किए गए सेरेन्डिपिटी लेक एंड रिजॉर्ट का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मॉडल पर राज्य में अन्य रिजॉर्ट बनते हैं तो उन्हें भी राज्य सरकार मदद करेगी. 2 मुख्यमंत्री कमलनाथ वन विभाग की ओर से 22 फरवरी को प्रशासन अकादमी में आयोजित वानिकी सम्मेलन में शामिल होंगे. इसका शुभारंभ वन मंत्री उमंग सिंघार की अध्यक्षता में किया जाएगा. इसमें प्रदेशभर के आईएफएस अफसर मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं को जानेंगे और उनके अनुरूप काम करने का प्रयास करेंगे. 3 पुरुष नसबंदी टारगेट को पूरा नहीं करने वाले मल्टीपरपज वर्कर का वेतन रोकने और जबरन रिटायर करने संबंधी आदेश को मध्यप्रदेश सरकार ने वापस ले लिया है. इसके साथ ही आदेश जारी करने वाली राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की डायरेक्टर व आईएएस छवि भारद्वाज को पद से हटाते हुए मंत्रालय में ओएसडी बनाया गया है. 4 मध्यप्रदेश में बड़े जोर शोर से माफिया मुक्त अभियान शुरू किया गया था लेकिन जीतू सोनी और चुनिंदा माफिया पर कार्रवाई के बाद यह मुहिम धीमी पड़ गई है. मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मुहिम को अतिक्रमण विरोधी मुहिम बनाने पर भी नाराजगी जताई थी लेकिन अफसरों पर कोई असर नहीं दिखाई दिया 5 भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने भोपाल पहुंचकर स्थानीय नेताओं, पार्टी पदाधिकारी और विधायकों के साथ बातचीत की और संघ के नेताओं से भी चर्चा की. उन्होंने भाजपा दफ्तर जाने की बजाय सभी नेताओं को पलाश होटल बुलाया. बताया जाता है कि बैठक में सरकार के कामकाज, नागरिकता संशोधन विधेयक और एनआरसी को लेकर बने माहौल के बारे में चर्चा हुई. 6 प्रशासनिक सर्जरी जारी रखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने सतना - बैतूल और छतरपुर के कलेक्टरों को हटाते हुए 14 आईएएस अफसरों का तबादला कर दिया. होशंगाबाद में एसडीएम के साथ वाद-विवाद के बाद हटाए गए शीलेंद्र सिंह को छतरपुर कलेक्टर बनाया गया है. वहीं मंत्री सुखदेव पांसे के साथ पटरी नहीं बैठ पाने के कारण बैतूल कलेक्टर तेजस्वी नायक को मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है. पी नरहरि को माध्यम में एमडी का अतिरिक्त प्रभार मिला है. 7 राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को नेशनल असिस्टेंट एंड एक्रीडिटेशन काउंसिल ने 2017 में मूल्यांकन करने के बाद ए-ग्रेड दिया था, लेकिन इसके बाद भी ना तो टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ के पूरे पद भरे हुए हैं और ना ही इंडस्ट्री लिंकेज स्थापित हो पाई है. 8 भोपाल में स्वच्छता सर्वेक्षण को पूर्ण हुए सिर्फ एक माह ही बीता है किंतु कलेक्शन व लैंडफिल साइट तक कूड़ा ढोने वाले वाहनों की मॉनिटरिंग ही बंद हो गई है. इसके कारण सफाई व्यवस्था चौपट है. डीजल की चोरी भी बढ़ गई है. 50 लाख रुपए खर्च करके वाहनों में जो जीपीएस लगाए थे वह बेकार हो गए हैं. 9 स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा बनाई जा रही बुलेवर्ड स्ट्रीट के लिए जवाहर चौक स्थित पानी के टंकी के पास पेड़ दिन की बजाए रात में काटे जा रहे हैं. इसका कारण स्थानीय निवासियों का विरोध है. दशहरा मैदान के पास भी पेड़ रात में काटे जा रहे हैं.