मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को छिंदवाड़ा में भगवान शंकर के मंदिर पातालेश्वर धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। श्री कमल नाथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के पहले पातालेश्वर धाम मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का अभिषेक किया। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे और सांसद श्री नकुल नाथ उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने छिन्दवाड़ा स्थित निवास पर आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएँ सुनी और निराकरण के लिये आश्वस्त भी किया। सांसद श्री नकुल नाथ और जिले के प्रभारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे इस मौके पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने छिन्दवाड़ा जिले के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल पातालकोट के समीप तामिया में सेरेन्डिटीपिटी लेक्स एंड रिसॉर्ट का शुभारंभ करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में निजी क्षेत्र के सहयोग से पर्यटन विकास की नई इबारत लिखेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में निवेशकों को प्रोत्साहित किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने छिन्दवाड़ा में जिला चिकित्सालय परिसर में 42 करोड़ 36 लाख रूपये लागत के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों और अस्पतालों के स्टॉफ क्वाटर्स के 80 निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया l मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सक और चिकित्सा सेवा से जुड़े कर्मचारी अपनी सोच और रवैये में परिवर्तन लायें, जिससे चिकित्सा की नई तकनीकों और संसाधनों का मानव हित में बेहतर उपयोग किया जा सके। दृष्टि बाधित दिव्यांगों के लिए 'दिव्य नयन' डिवाइस विकसित की गई है। इस डिवाइस के माध्यम से कोई भी लिखी हुई जानकारी सीधे पढ़ी और सुनी जा सकती है। अटल बिहारी वाजपेई सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में दिव्यांग जनों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में सुझाव देने के लिए हुई बैठक में यह जानकारी दी गई।