Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
20-Feb-2020

1 भोपाल में आईपीएस मीट का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि भविष्य की पुलिस हथियारों के बजाय टेक्नोलॉजी से लैस होगी, इसलिए अभी से पुलिस को नई तकनीकों से परिचित होना होगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस को अत्याधुनिक बनाने के लिए हर संभव मदद देगी. 2 वहीं इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि पुलिस को ट्रेनिंग की जरूरत है, उसे न केवल पारदर्शी होना होगा, बल्कि यह भी देखना होगा कि वह न किसी गलत को छोड़ने और न ही पकड़े. इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक वीके सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षित हो चुकी है और पारदर्शी तरीके से काम कर रही है, लेकिन यह जरूर है कि सीनियर नेताओं से नए नेताओं को व्यवहार सीखने की जरूरत है, नए नेता ठीक से व्यवहार नहीं करते इसलिए उन्हें ट्रेनिंग दी जानी चाहिए. 3 मध्यप्रदेश की नई आबकारी नीति के प्रावधान पर कैबिनेट बैठक में मंत्रियों ने कड़ी आपत्ति जताई है. खनिज मंत्री प्रदीप जयसवाल ने कहा है कि जिलों में जिस क्लस्टर के हिसाब से दुकानों को आवंटित करने की बात हो रही है उससे शराब निर्माता कंपनियों को सीधा फायदा मिलेगा और स्मगलिंग भी बढ़ेगी. 4 वहीं डॉक्टर गोविंद सिंह, प्रद्युम्न सिंह तोमर और हर्ष यादव जैसे मंत्रियों कहना है कि शराब की उप दुकानें खोलने से पार्टी की बदनामी होगी. निकाय चुनाव में भी खामियाजा भुगतने का डर है. इसलिए मंत्रियों की आपत्ति निराकरण होने के बाद ही नई नीति जारी होगी. 5 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को जवाहर चौक जैन मंदिर में स्मार्ट सिटी के विरोध में आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रम में कहा कि जो लोगों से रोजगार छीने हमें ऐसी स्मार्ट सिटी की जरूरत नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी के लिए दुकानों को उखाड़कर ऐसी जगह फेंक दिया गया जहां बाजार लग ही नहीं सकता. 6 सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने पार्टी में निष्ठा नहीं रखने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की है. उन्होंने माधव विकास कांग्रेस को पुनर्जीवित करने की मांग उठाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए, मैं संगठन में भी इस बारे में चर्चा करूंगा. 7 कांग्रेस प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के बयान का समर्थन करते हुए कहा है कि सिंधिया की जगह मैं होता तो भी प्रदर्शन कर रहे लोगों से यही कहता जो उन्होंने कहा. बावरिया ने कहा कि निगम, मंडल में नियुक्तियों के सिलसिला 15 दिन में शुरू हो जाएगा. 8 उधर कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने नदी न्यास के अध्यक्ष कंप्यूटर बाबा को फर्जी बाबा करार दिया है. उन्होंने गुना में मीडिया से चर्चा में कहा कि शिक्षित समाज में ऐसे फर्जी बाबाओं की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कहा कि फर्जी बाबाओं के कारण कांग्रेस पहले चुनाव हारी थी, भविष्य में भी नुकसान उठाना पड़ेगा. 9 बहुजन समाज पार्टी की विधायक रामबाई ने कहा है कि अधिकारी मुख्यमंत्री को गुमराह करते हैं और उन्हें सारी बातें नहीं पता होती. उन्होंने कहा कि अधिकारियों का बस चले तो सबको मरवा दें, इन्हें कोई फर्क भी नहीं पड़ेगा. 10 नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने मुख्य सचिव एसआर मोहंती की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फैसलों, विचारों और कार्य पद्धति के बारे में मुख्य सचिव को कमेंट नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं लेकिन अफसर अपना काम और आचरण ना बदलें.