1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सरकारी अधिकारियों के बंगले डेढ़ एकड़ में बने होने लेकिन उनमें बिल्ट अप एरिया सिर्फ 800 वर्ग फीट होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि आप नगरीय निकायों का राजस्व बढ़ाने के लिए अतिरिक्त एफएआर देने की बात करते हैं, जो शहर पहले ही आबादी का बोझ से दबे हैं वहां एफएआर बढ़ाकर बोझ क्यों बढ़ाना चाहिए. मुख्यमंत्री सरकारी प्रोजेक्ट के लिए वैकल्पिक स्रोतों से फंड जुटाने के विषय पर आयोजित कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा दिए गए प्रेजेंटेशन पर बोल रहे थे. 2 कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि मैं जब शिवराज से नाराज नहीं होता तो सिंधिया से क्यों होऊंगा. उन्होंने कहा कि मुझे जो कहना था पहले कह दिया है. कमलनाथ ने दोहराया कि प्रदेश में एनपीआर लागू नहीं किया जाएगा. 3 वहीं सिंधिया समर्थक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि सिंधिया अकेले नहीं हैं पूरी कांग्रेस उनके साथ है, जरूरत पड़ने पर सब महाराज के साथ सड़कों पर उतरेंगे. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जनता को वचन राहुल गांधी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दिया था जिसे पूरा करना हम सबकी जिम्मेदारी है. 4 कांग्रेस में चल रही आंतरिक राजनीति पर टिप्पणी करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने इंदौर में कहा है कि कांग्रेस के घर में आग उसी के चिराग से लगी है, मैं मानता हूं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ दबाव के मुख्यमंत्री हैं. 5 पोषण आहार के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्य सचिव एसआर मोहंती फिर आमने-सामने हैं. मोहंती का कहना है कि पिछली सरकार में काम ही नहीं हुए, एक योजना पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को पीपीपी मोड से पैसे के इंतजाम के बारे में कहा तो उन्हें इसका पता ही नहीं था. 6 भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अपनी टीम में बदलाव कर सकते हैं. मध्यप्रदेश में पिछले 10 साल से लगभग वही टीम काम कर रही है. शर्मा का कहना है कि पार्टी की मजबूती के लिए जो भी जरूरी होगा वह किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जब पार्टी विपक्ष में होती है तो जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. 7 राज्य शासन ने भोपाल स्मार्ट सिटी के कामों की समीक्षा के लिए नगरीय विकास मंत्री जयवर्धन सिंह की अध्यक्षता में समिति बना दी है. यह समिति स्मार्ट सिटी के मास्टर प्लान और उसके हर प्रोजेक्ट के कामों की तकनीकी व व्यवहारिक समीक्षा करेगी. 8 मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक में आज नई आबकारी नीति की घोषणा हो सकती है. इसके तहत प्रदेश में शराब की 320 दुकानें खोली जाएंगी. इनमें से 11 भोपाल में होंगी. इससे प्रदेश में राजस्व की वृद्धि का अनुमान है. उप दुकान खोलने के लिए ठेकेदार को 2ः टैक्स ज्यादा देना होगा. 9 कार्यकाल पूरा होने पर भोपाल, इंदौर और जबलपुर नगर निगम में कमिश्नर को प्रशासक नियुक्त किया गया है. छिंदवाड़ा में नगर निगम के प्रशासक कलेक्टर होंगे. इसके अलावा विदिशा जिले की शमशाबाद नगर पालिका और होशंगाबाद जिले की बनखेड़ी नगर पालिका सहित पांच अन्य निकायों में भी प्रशासक की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किए गए हैं. 10 भोपाल में बिना विदाई समारोह और बैठक के निगम परिषद का कार्यकाल समाप्त हो गया. महापौर आलोक शर्मा ने रैली के रूप में आकर निगमायुक्त को सरकारी गाड़ी की चाबी सौंपी. वहीं भाजपा और कांग्रेस पार्षदों ने अपने-अपने इलाकों में कार्यक्रम किए.