मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने राजधानी भोपाल के मिंटो हाल में 'परियोजनाओं के लिये वैकल्पिक वित्त व्यवस्था' विषय पर वित्त विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे विश्व का आर्थिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। इसलिए वित्तीय संस्थाओं और वित्त की व्यवस्था करने वाली सरकारों को भी अपनी सोच में परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे देश में महत्वाकांक्षी युवाओं का बड़ा समुदाय रहता है और उसकी महत्वाकांक्षाएँ पूरी करने के लिए ज्यादा बजट संसाधनों की जरूरत है। पूर्ववर्ती योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष श्री एम.एस. अहलूवालिया ने राजधानी भोपाल के मिंटो हाल में 'परियोजनाओं के लिये वैकल्पिक वित्त व्यवस्था' विषय पर वित्त विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला में राज्यों की बढ़ती वित्त जरूरतों और वित्तीय सीमाओं को देखते हुए वित्तीय जिम्मेदारी और बजट प्रबंधन कानून को नये संदर्भों में दोबारा लिखने की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण आर्थिक अधोसंरचना परियोजनाओं में बजट की कमी को दूर करने के लिये निजी - सार्वजनिक भागीदारी का कानून बनाने पर भी विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने मंत्रालय में बांस मिशन की बैठक में कहा कि बांस उद्योग को प्रोत्साहित कर इसके माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाने केलिए बिगड़े वन क्षेत्र, पड़त भूमि तथा किसानों के खेतों में बांस उत्पादन के लिए समयबद्ध कार्य-योजना बनाई जाए। वन मंत्री श्री उमंग सिंघार बैठक में उपस्थित थे। राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर में डॉ. हरिसिंह गौर केन्द्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में राहतगढ़ तहसील के 34 पटवारियों को ई-बस्ता (लैपटॉप) वितरित किये। उन्होंने कहा कि पटवारी प्रशासन का वो चहरा होता है, जिसके आचार-विचार एवं व्यवहार के कारण शासन की छवि आम जनता तक पहुँचती है। श्री राजपूत ने कहा कि वास्तव में पटवारी राजस्व की दृष्टि से शासन और जनता के बीच सेतु के रूप में काम करता है। आदिम-जाति कल्याण मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम ने अपने प्रभार के जिला शहडोल में ग्राम पंचायत भठिया में युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीण विकास में युवाओं की सहभागिता की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में युवाओं की भूमिका थर्ड एम्पायर की होनी चाहिए। श्री मरकाम ने कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी और परिणाममूलक क्रियान्वयन तभी होगा, जब युवा शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक होंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने होशंगाबाद के बाबई में स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिये कि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर की अनुपयोगी बिल्डिंग को डिस्मेंटल कर नई बिल्डिंग के लिये प्रस्ताव भेजें। उन्होंने स्कूल के स्मार्ट क्लास संचालन के लिये शिक्षकों की सराहना की। स्कूल शिक्षा मंत्री ने स्कूल में खेल गतिविधियों को बढ़ाने को कहा। उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने अपने प्रभार के जिला देवास में हाटपिपलिया कृषि उपज मंडी प्रांगण में 'जय किसान फसल ऋण माफी'' योजना में द्वितीय चरण में 1599 किसानों को 10 करोड़ 62 लाख रुपए के ऋण माफी प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने बताया कि दो चरणों में देवास जिले के लगभग एक लाख किसानों का कर्ज माफ किया जा चुका है।