1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आईफा अवार्ड के आयोजकों से मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रचार प्रसार मैं शामिल करने के निर्देश दिए और कहा कि प्रदेश की अलग पहचान बने ऐसी प्रोफाइल बनाएं. मुख्यमंत्री ने धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर फोकस करने के निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन के संबंध में शासन स्तर पर जो भी सहयोग होगा उसके लिए मंत्री बाला बच्चन, सुरेंद्र सिंह बघेल, प्रियव्रत सिंह और जयवर्धन सिंह की कमेटी बनाई है. 2 मध्यप्रदेश सरकार गर्मी के पहले निकाय चुनाव करा सकती है इस सिलसिले में मुख्यमंत्री कमलनाथ में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह से चर्चा की है. उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में निकाय चुनाव मई के पहले सप्ताह में करा लिए जाएं. मुख्यमंत्री ने मंत्री जयवर्धन से यह भी कहा कि निकाय चुनाव जल्दी कराने का पूरा अध्ययन करके कैलेंडर बना कर लाएं. 3 कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की मांग जोर पकड़ती जा रही है. सोमवार को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव मंत्री जीतू पटवारी, जयवर्धन सिंह और बाला बच्चन समेत सरकार के अन्य मंत्रियों ने प्रियंका गांधी को राज्यसभा भेजने की बात कही. 4 मेंदोला के पत्र पर पीसी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस में सब कुछ ठीक है, कहीं कोई दिक्कत नहीं है, जहां तक सिंधिया ने अतिथि विद्वानों के नियमितीकरण की बात कही है तो कैबिनेट में इस मसले पर पहले ही फैसला लिया जा चुका है। 5 पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आरोपों पर पलटवार करते हुए जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा है श् शिवराज के कार्यकाल में 45 लाख बच्चे कुपोषण के शिकार थे, 13.50 लाख बच्चों की मौत हो गई. सुप्रीम कोर्ट ने योजना से ठेकेदारों को बाहर करने का कहा लेकिन शिवराज सरकार उन से सांठगांठ करती रही.श् 6 पटवारी भर्ती - 2017 को लेकर विवाद थम नहीं रहा है एक और काउंसलिंग 19 फरवरी को आयोजित होनी है. आयुक्त का कहना है कि 19 को होने वाली काउंसलिंग के बाद पद बचे तो भरने पर विचार किया जाएगा. उधर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का कहना है कि पटवारी के सभी पद भरे जाएंगे उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की समस्याओं को लेकर आयुक्त से चर्चा की जाएगी. 7 पथरिया की बहुजन समाज पार्टी विधायक रामबाई ने नगरपालिका पथरिया में 14 मास्टर कर्मचारियों को नियमित करने के लिए वसूली गई 4 लाख 20 हजार रुपए की राशि वापस कराई. उन्होंने पालिका अध्यक्ष के प्रति लक्ष्मण सिंह ठाकुर पर लेन-देन का आरोप लगाया. विधायक ने कहा कि यदि पालिका के किसी अधिकारी और कर्मचारी ने राशि वसूली की तो बीच चौराहे में जनता से पिटवाएंगे. 8 भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि कमलनाथ सरकार विचार पर प्रहार कर रही है, हम इसके लिए सड़कों पर उतरेंगे. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस को मनमानी नहीं करने दी जाएगी. 9 राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता के थप्पड़ कांड की जांच के लिए बनी वरिष्ठ अफसरों की कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में पाया है कि कलेक्टर के द्वारा एसआई को थप्पड़ मारने के कोई प्रमाण नहीं है. कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है. 10 हनी ट्रैप मामले में हाईकोर्ट के आदेश के बाद एसआईटी से मिले 354 पेज के दस्तावेजों के आधार पर आयकर विभाग ने पैसों के लेनदेन को लेकर 12 लोगों को समन जारी किया है. इनमें कुछ प्रभावशाली नौकरशाह नेता और पत्रकार शामिल हैं, इनसे अगले 15 दिन में पूछताछ होगी.