मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आइफा आयोजकों से चर्चा करते हुए कहा कि आइफा अवॉर्ड के प्रचार-प्रसार में मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों विशेषकर इंदौर के आस-पास स्थित धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का भी प्रचार-प्रसार शामिल हो। उन्होंने कहा कि आइफा अवॉर्ड के लिए मध्यप्रदेश का चयन क्यों किया गया इसके पक्ष में आयोजक उन कारणों को रेखांकित करें जिनके कारण मध्यप्रदेश का चयन आयोजन समिति ने किया। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने रेडक्रास शताब्दी वर्ष समारोह में आयोजित स्कूली बच्चों की प्रदेश स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये। समारोह में मध्यप्रदेश रेडक्रास के चेयरमेन श्री आशुतोष पुरोहित और जनरल सेक्रेटरी डॉ. प्रार्थना जोशी शामिल हुईं। खनिज साधन मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल ने अपने प्रभार के जिला सीधी में जिला खनिज प्रतिष्ठान एवं जिला रोगी कल्याण समिति की बैठक ली। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल बैठक में शामिल हुए। मंत्री श्री जायसवाल ने अधिकारियों से कहा कि जिले के पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का ग्रामीण स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। खनिज साधन मंत्री प्रदीप जायसवाल ने अपने प्रभार के जिले सीधी में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल के साथ क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 'एक्टिव केस फाइण्डिंग सर्वे अभियान' का शुभारंभ किया। उन्होंने अभियान का संदेश प्रचारित करने के लिए जिला-स्तरीय रैली को रवाना किया। आदिम-जाति कल्याण मंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम ने ग्राम छतवई में एक करोड़ 43 लाख रुपये लागत के नव-निर्मित हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं के बेहतर भविष्य के लिये राज्य सरकार द्वारा प्रभावी प्रयास किये जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों एवं कॉलेजों में अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी और सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने भिण्ड जिले में 6 करोड़ 50 लाख रूपये लागत के शासकीय स्नातक महाविद्यालय, आलमपुर का लोकार्पण किया। श्री पटवारी ने इस मौके पर महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने खजुराहो में समृद्धि परियोजना के अंतर्गत एक्सपोजर राज्य-स्तरीय कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियाँ पढ़ेंगी और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ेंगी। राज्य सरकार इस दिशा में सतत रूप से प्रयासरत है।