1 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि पोषण आहार के उत्पादन और सप्लाई में निजी कंपनियों या ठेकेदारों की भागीदारी नहीं होगी. उन्होंने कहा है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक नीति और व्यवस्था बनाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार मध्यप्रदेश को पूरी तरह कुपोषण मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है. 2 मुख्यमंत्री ने एक बयान जारी करके कहा है कि बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ किशोर बालिकाओं के लिए टेक होम राशन के उत्पादन और आपूर्ति में एमपी एग्रो को कैबिनेट के निर्णय के साथ ही स्पष्ट रूप से निर्देशित किया जा चुका है कि किसी भी स्वरूप में किसी निजी कंपनी और ठेकेदार की भूमिका नहीं हो. 3 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोषण आहार के विषय में कैबिनेट के बाद लिए गए निर्णय पर मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण मांगा और कहा है कि कैबिनेट के निर्णय के पूर्व एसीएस ने स्पष्ट कर दिया था कि किसी भी निजी संस्था, ठेकेदार की भूमिका नहीं होगी फिर मुख्य सचिव ने कैसे कैबिनेट के निर्णय की उस कंडिका को विलोपित कर नई चिट्ठी जारी कर दी, इस सच को जनता के सामने लाना चाहिए. 4 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की दिल्ली यात्रा के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को मध्यप्रदेश कोटे से राज्यसभा में भेजे जाने की मांग उठी. वहीं लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी उन्हे मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की मांग करते हुए कहा कि गांधी परिवार अनुसूचित जाति जाति-जनजाति वर्ग के बीच लोकप्रिय रहा है. 5 इस बीच मध्यप्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने वाले कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार रात ग्वालियर में दोहराया कि मैं जन सेवक हूं, जनता के मुद्दों के लिए लड़ना मेरा धर्म है, जनता से किए वचन पूरे ना होने की स्थिति में हम बिल्कुल सड़क पर उतरेंगे. 6 इस बीच सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने सिंधिया के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को सड़कों पर उतरने की बजाय सोनिया गांधी और कमलनाथ से बात करनी चाहिए. 7 मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इंदौर में मीडिया से चर्चा में कहा है कि प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष जल्द नियुक्त कर दिया जाएगा. दिल्ली में हुई समन्वय समिति की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा की गई है. इस मुद्दे पर प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया आमराय बनाएंगे. 8 सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने रविवार को एक बार फिर तीर्थ दर्शन योजना को फिजूलखर्ची बताया है. उन्होंने कहा कि सूट-बूट वाले लोग सरकारी खर्चे पर तीर्थ यात्रा को जाते हैं, जबकि तीर्थ दर्शन तो व्यक्ति को अपनी कमाई से करना चाहिए. 9 राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि ई बस्ता योजना प्रदेश के लिए बड़ा बदलाव साबित होगी, पटवारी लैपटॉप पर काम करेंगे, इससे काम में तेजी आएगी. उन्होंने कहा कि हर आवेदन व दस्तावेज का रिकॉर्ड भी रहेगा, इसका शुभारंभ राहतगढ़ से किया जाएगा. 10 भोपाल में ऐतिहासिक शख्सियत रानी कमलापति की मूर्ति के अनावरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने जमकर राजनीतिक दांवपेच चलाए. एक तरफ महापौर आलोक शर्मा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने प्रतिमा का अनावरण किया लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस की स्थानीय पार्षद शबिस्ता जकी ने विरोध में काले झंडे दिखाए.