1 कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया के अतिथि शिक्षकों को लेकर वचन पत्र में किए गए वादे पर दिए बयान पर दिल्ली में मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि वचन पत्र 5 साल के लिए है, 5 महीने के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि वचन पत्र में किए वादे 5 साल पूरे कर लिए जाएंगे। 2 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक से पहले शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। उन्होंने सोनिया गांधी से प्रदेश से जुड़े मुद्दों और सरकार के कामकाज को लेकर बातचीत की। 3 छिंदवाड़ा में शिवाजी की प्रतिमा गिराने की कार्रवाई पर राजनीति तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वह शिवाजी के अपमान की लड़ाई लड़ने छिंदवाड़ा पहुंच रहे हैं। इस पर सांसद नकुल नाथ ने कहा है कि विकास मॉडल छिंदवाड़ा में आपका स्वागत है परंतु जिस तरह आप छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने आ रहे हैं वह गलत है। 4 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई और विधायक लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि दिल्ली की हार से सबक लेना चाहिए, यह कांग्रेस के लिए कार्यप्रणाली सुधारने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अप्रासंगिक हो जाएगी ऐसा मैं नहीं मानता। 5 मध्यप्रदेश से राज्यसभा की खाली हो रही 3 सीटों में से 2 सीटों पर कांग्रेस की जीतने की संभावना है जिसको लेकर अनेक नेता कतार में हैं। सूत्रों के अनुसार राजस्थान के प्रभारी अविनाश पांडे, पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, महासचिव दिग्विजय सिंह और कुमारी शैलजा राज्यसभा सदस्यता के लिए कतार में हैं। 6 मंत्री इमरती देवी ने अपने विभाग की कार्य योजना 2020 की जानकारी देने के लिए आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश की सभी आंगनवाड़ियों में कुपोषित बच्चों को अंडा दिया जाएगा, इसमें विवाद की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि अंडा उन बच्चों को दिया जाएगा जो उसे खाना पसंद करते हैं, जो शाकाहारी हैं उन्हें फल दिया जाएगा। 7 मध्यप्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का सफाई अभियान जारी है। चंदेरी पहुंचने पर उन्होंने फावड़ा लेकर नाली की सफाई की और सीएमओ राम प्रकाश गुप्ता की तरफ। नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि आपके चरण स्पर्श करूं। 8 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिल्ली में शुक्रवार को उद्योगपतियों के साथ राउंडटेबल चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशकों के लिए मध्यप्रदेश में कई सुविधाएं दी गई हैं, अब तमाम निवेशकों को नए उद्योग में लगने वाली 40 तरह की मंजूरी 7 वर्किंग डे में मिल जाएगी, लाइसेंस भी साथ होगा। 19 फरवरी को होने वाली कैबिनेट में इस टाइम बाउंड एक्ट को लाया जा रहा है। 9 मध्यप्रदेश में खजाना खाली होने का असर कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर पड़ सकता है। 31 मार्च को 10 से 12 हजार अधिकारी - कर्मचारी सेवानिवृत्त होंगे, जिन्हें देने के लिए 35 सौ करोड़ रुपए सरकार के पास नहीं हैं, इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद 6 माह या 1 साल की संविदा नियुक्ति देकर भुगतान से बचने की कोशिश की जाएगी। 10 इस बारे में वित्त मंत्री तरुण भनोत का कहना है कि राज्य के खजाने की स्थिति किसी से छिपी नहीं है इसलिए सरकार का फोकस खर्च कम करने को लेकर है। वहीं सामान्य प्रशासन मंत्री डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा कि मैं रिटायरमेंट एज बढ़ाने के पक्ष में नहीं हूं, खाली पदों पर नए लोगों को मौका मिलना चाहिए।