Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
14-Feb-2020

मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने प्रदेश में खाद्य प्र-संस्करण क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए नई दिल्ली में इंडस्ट्रीयल राउंड टेबल कान्फ्रेंस के दूसरे सत्र में जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर और भोपाल में फल और सब्जियों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए पेरिशेबल कमोडिटी हब की स्थापना की जाएगी। इसी तरह, कृषि विपणन के क्षेत्र में हुए बदलावों के अनुरूप मण्डी अधिनियम में भी संशोधन किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने नई दिल्ली में राउण्ड टेबल कान्फ्रेंस में वस्त्र और परिधान तथा खाद्य प्र-संस्करण सेक्टर की प्रमुख उद्योग इकाइयों के प्रमुखों के साथ चर्चा में उद्योग इकाइयों को प्रोत्साहन देने के लिये राज्य शासन द्वारा लिये गये निर्णयों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री की सोच और उद्योग मित्र एप्रोच को देखते हुए राउण्ड टेबल कान्फ्रेंस में देश के शीर्ष उद्योगपतियों ने 3250 करोड़ रुपये निवेश की घोषणा की। राज्यपाल श्री लालजी टंडन से नन्हें बच्चों ने राजभवन में भेंट की। राज्यपाल ने बच्चों को शुभाशीष दिया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।श्री टंडन ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। बच्चों को ट्रॉफियाँ भी वितरित की। अनूपपुर जिले के लिटिल स्टेप स्कूल के इन बच्चों ने राज्यपाल को स्मृति-चिन्ह भेंट किया। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने विभागीय कार्य-योजना-2020 की जानकारी देते हुए बताया कि दूसरे चरण में केन्द्र आधारित पाँच दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण और निर्धारित मेडिसिन प्रदाय किया जायेगा। इसमें 12 सप्ताह तक पोषण, अवलोकन और परामर्श तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण दिवसों पर मासिक स्वास्थ्य और पोषण की जाँच की जायेगी। सामान्य प्रशासन और सहकारिता मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने बावड़ियाकलां लेवल क्रॉसिंग पर बहु-प्रतीक्षित रेलवे ओवर-ब्रिज का लोकार्पण किया। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की। महापौर श्री आलोक शर्मा, विधायक श्रीमती कृष्णा गौर तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मनमोहन नागर भी समारोह में उपस्थित थे। ऊर्जा मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह ने अपने प्रभार के जबलपुर जिले में कलेक्ट्रेट परिसर में 'कृतिका आजीविका आउटलेट' का शुभारंभ किया। यह आउटलेट महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के लिये बनाया गया है। श्री सिंह ने स्व-सहायता समूह द्वारा बनायी गयी विभिन्न सामग्रियों का अवलोकन भी किया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे ने बैतूल जिले के चिखलीकलां में किसानों को 'जय किसान फसल ऋण माफी' योजना में प्रमाण-पत्र और किसान सम्मान-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान फसल ऋण माफी से वंचित नहीं होगा। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि आगर-मालवा देश का संभवत: पहला जिला होगा, जिसमें 480 ग्रामों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाया जायेगा। इसके लिये 603 करोड़ 96 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। इससे लगभग 93 गाँव के 4 लाख 54 हजार लोग लाभान्वित होंगे। श्री सिंह ने आगर-मालवा में जिला योजना समिति की बैठक में यह बात कही। खाद्य-नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आज अशोकनगर जिले की ईसागढ़ तहसील के ग्राम ढाकोनी की उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्यान की मात्रा कम पाये जाने पर राशन दुकान विक्रेता के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए। आदिम-जाति कल्याण मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम ने अपने प्रभार के उमरिया जिले में युवाओं को रोजगार दिलाने के लिये कलेक्टर कार्यालय में हेल्प-डेस्क बनाने के निर्देश दिये हैं। श्री मरकाम गुरूवार को उमरिया के रणविजय प्रताप सिंह महाविद्यालय में युवाओं से सीधा संवाद कर रहे थे।