मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ 14 फरवरी को नई दिल्ली में मध्यप्रदेश इण्डस्ट्रियल डेव्हलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा आयोजित की जा रही राउण्ड टेबल कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कॉन्फ्रेंस के दोनों सत्रों के आरंभ में विशेष उद्बोधन देंगे। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने भोपाल रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज से प्लेटफार्म 2 एवं 3 को जोड़ने वाले रैम्प (फ्लेट ब्रिज) के एक हिस्से के टूटने से हुई दुर्घटना का आज सुबह स्थल निरीक्षण किया। श्री शर्मा ने दुर्घटना में घायलों का निःशुल्क उपचार कराने के निर्देश दिए। उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी ने उत्कृष्टता संस्थान में कैम्ब्रिज असेसमेंट इंग्लिश के सर्टिफिकेशन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कैम्ब्रिज असेसमेंट इंग्लिश का प्रशिक्षण अगले शिक्षा सत्र से दो चरणों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चरण में 25-25 हजार विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री सुखदेव पांसे बैतूल जिले के ग्राम मासोद में "जय किसान फसल ऋण माफी योजना" कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में श्री पांसे ने किसानों को ऋण माफी के प्रमाण-पत्र वितरित किए। ऊर्जा एवं कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रियव्रत सिंह ने कटनी के प्रियदर्शिनी बस स्टैंड के पास 4.25 करोड़ की लागत से नवनिर्मित ऑडिटोरियम का किया लोकार्पण। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे l आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री ओमकार सिंह मरकाम डिंडौरी में हुई आग की घटना में हुए नुकसान का मौका मुआयना करने घटना स्थल पहुंचे। श्री मरकाम ने यहां हादसे में मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये आर्थिक मदद और नुकसान हुए दुकानदारों का सर्वे कर मुआवजा देने का तहसीलदार को निर्देश दिया।