जबलपुर। शहर के विकास कार्यों नामकरण और महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना सहित विभिन्न मुद्दों पर निर्णय लेने के लिए शुक्रवार को नगर निगम की साधारण सभा की बैठक पं. भवानी प्रसाद तिवारी सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कुल 32 महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई जिसमें अधिकारियों-कर्मचारियों से जुड़े प्रकरणों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों के नामकरण और प्रतिमा स्थापना के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस दौरान देश में स्वच्छता के क्षेत्र में जबलपुर को दूसरा स्थान मिलने पर सदन द्वारा महापौर को बधाई भी दी गई। सदन में चर्चा के दौरान विपक्ष ने कुछ मुद्दों पर अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस पार्षद अमरीश मिश्रा ने नामकरण के प्रस्तावों का समर्थन करते हुए पहले से नामित सड़कों की उपेक्षा का मुद्दा उठाया और सभी पक्षों को समान महत्व देने की बात कही वहीं ओंकार तिवारी ने बाऊर प्राणप्रिय जी की प्रतिमा के रखरखाव में लापरवाही और उस पर धूल जमने पर चिंता जताई। इसके अतिरिक्त बैठक में सफाई व्यवस्था के नए टेंडर और सीवेज समस्याओं की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने पर भी सहमति बनी। रांझी क्षेत्र में बालाघाट में पदस्थ पुलिस आरक्षक कुलदीप रावत से चाकू की नोक पर लूटपाट और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक 20 नवंबर को एक मित्र के निधन की सूचना पर जबलपुर आए आरक्षक कुलदीप रावत से मोहनिया के पास एक युवक ने 20 रुपये मांगे थे। पैसे देने से मना करने पर युवक चाकू लेकर आया और अपने साथियों के साथ मिलकर आरक्षक को घेर लिया तथा मारपीट कर करीब 6800 रुपये नकद छीन लिया।पीड़ित आरक्षक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर को आरोपी इंद्रजीत कुशवाहा और गौरव कुशवाहा को दबोच लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। जबलपुर। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर शनिवार को पूरी संस्कारधानी भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आई। चार माह की योगनिद्रा के बाद भगवान श्रीहरि विष्णु के जागृत होने के उपलक्ष्य में शहर के घर-घर और प्रमुख मंदिरों में गन्ने के मंडप सजाकर गेरू व चावल के आटे से चौक पूरकर पारंपरिक मंगल गीतों के बीच माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का दिव्य विवाह संपन्न कराया गया। भोर से ही मां नर्मदा के ग्वारीघाट और तिलवाराघाट सहित अन्य तटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर दान-पुण्य किया। शाम ढलते ही नर्मदा तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और तुलसी महारानी की जय के जयघोष के साथ शहर की कॉलोनियों व छतों पर आतिशबाजी कर देवोत्थान का उत्सव मनाया गया। जबलपुर। दयानंद सरस्वती वार्ड के पार्षद लवलीन आनंद के पुत्र राजवीर आनंद पर शुक्रवार रात एक युवक से मारपीट करने और पिस्तौल की बट से हमला करने के गंभीर आरोप लगे हैं। निजी अस्पताल में भर्ती कांचघर निवासी पीड़ित कौशल राजपूत ने आरोप लगाया कि पुराने विवाद को लेकर समझौता करने के बहाने राजवीर अपने चार साथियों और एक युवती के साथ देर रात वहां पहुंचा था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसे कार में बिठाया और समझौते का दबाव बनाते हुए पिस्तौल की बट से हमला कर घायल कर दिया।पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के बाद थाने में उसकी रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उसे घर भेज दिया गया जिसके बाद वह खुद उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचा। वहीं इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चल रही है और पीड़ित एक दिन पहले ही जेल से छूटकर आया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाएगी। जबलपुर के महाकौशल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक धीरज खंडेलवाल शामिल हुए। इस बैठक में उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के लगभग 17 व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों व सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।बैठक के दौरान सिविक सेंटर व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रशांत जैन ने व्यापारियों के हित में व्यापारी लाडला योजना लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जब अन्य वर्गों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं तो अर्थव्यवस्था की कड़ी मजबूत करने वाले व्यापारियों के लिए भी ठोस योजनाएं बननी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि व्यापारियों द्वारा जमा किए जाने वाले जीएसटी के आधार पर एक वृद्ध पेंशन योजना शुरू की जाए जिससे बुढ़ापे में उन्हें आर्थिक सहारा मिल सके। इस दौरान व्यापारियों ने 30 से 40 साल पुरानी बिजली जैसी समस्याओं के समाधान का भी जिक्र किया।वहीं विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार व्यापारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि रीजनल कॉन्क्लेव और ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के जरिए हर स्तर के उद्योग और व्यापार को प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा क्षेत्र की पुरानी समस्याओं का निराकरण कर विकास की दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है।