शिवप्रकाश की बैठकों के बाद MP बीजेपी में नियुक्तियां मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ताजपोशी के करीब साढ़े 16 महीने बाद शुक्रवार को आखिरकार पार्टी की प्रदेश अनुशासन समिति का गठन कर दिया गया है।राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश द्वारा भोपाल में दो दिनों तक की गई मैराथन समीक्षा बैठकों के तुरंत बाद संगठन में खाली पड़े पदों और समितियों में नियुक्तियों का दौर शुरू हो गया है।शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अनुशासन समिति के साथ वित्त समिति और प्रदेश सह कोषाध्यक्ष की नियुक्ति के आदेश जारी किए। इसके अलावा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) में भी नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। 22 नवंबर को नाथू बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में अब खेल आयोजनों के साथ भव्य सांस्कृतिक समारोह भी होंगे। 22 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव परिसर के पहले चरण का शुभारंभ करेंगे। शाम 6 बजे से होने वाले समारोह में बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह प्रस्तुति देंगे। वहीं महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने पहुंचीं छह देशों की टीमें मार्च पास्ट करेंगी। MPPSC ने जारी किया 2027 का एग्जाम कैलेंडर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साल में दो बार पीएससी परीक्षा कराने के फैसले के बाद मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2027 का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर शुक्रवार को जारी कर दिया है।इसमें राज्य सेवा परीक्षा दो बार कराने सहित कुल 25 प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तारीखें घोषित की गई हैं। परीक्षाएं जनवरी से अक्टूबर 2027 के बीच आयोजित होंगी।आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी 2027 को होगी। वहीं राज्य इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 14 फरवरी और राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 7 मार्च 2027 को प्रस्तावित है। पीएम स्वनिधि योजना में इंदौर देश में नंबर-1 इंदौर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और जरूरतमंद हितग्राहियों को सबसे ज्यादा ऋण उपलब्ध कराने के मामले में इंदौर ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार की ओर से शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में इंदौर को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। नगर निगम के लिए इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अब सर्टिफाइड शराब ही बिकेगी मध्य प्रदेश में जहरीली और अवैध शराब की बिक्री पर नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग ने नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। अब शराब दुकानों तक पहुंचने वाली हर खेप के साथ क्वालिटी सर्टिफिकेट (गुणवत्ता प्रमाण-पत्र) अनिवार्य होगा। अगर किसी शराब की खेप के साथ यह प्रमाण-पत्र नहीं होगा तो उसे अलग स्टॉक में रखा जाएगा और लाइसेंसी ठेकेदार को उस खेप की शराब नहीं दी जाएगी। शराब उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था 25 नवंबर से पूरे प्रदेश में लागू होगी। सुबह 7 से 10 बजे तक खुलेगा ईको लॉजिकल पार्क भोपाल के बाग मुगालिया स्थित ईको लॉजिकल पार्क को खोलने पर सहमति बन गई है। अब यह सुबह 7 से 10 बजे तक खोला जाएगा। हालांकि शाम की सैर बंद रहेगी। पार्क में तेंदुए के मूवमेंट के बाद उसे बंद कर दिया था। इसे लेकर रहवासी 24 नवंबर को आंदोलन करने वाले थे। प्रदर्शन से पहले शुक्रवार सुबह वन विभाग के अधिकारियों ने रहवासियों से बात की। रेंजर दीपक श्रीवास्तव डिप्टी रेंजर कुलदीप शर्मा के साथ हुई बैठक में तय हुआ कि पार्क को सुबह 7 से 10 बजे तक सैर पर आने वालों के लिए खोल दिया जाएगा। मध्य प्रदेश में बढ़ने लगा ठंड का असर मध्य प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। बीती रात भोपाल प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान शाजापुर जिले के गिरवर में 7.1 डिग्री रहा। इसके अलावा बैतूल में 9.2 डिग्री रायसेन और धार में 9.4 डिग्री तथा दमोह में 9.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री या इससे नीचे रहा।