दुर्ग जिले में गैंगस्टर के नाम पर व्यापारी के परिवार को 15 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का धमकी भरा कॉल आने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताया और परिवार से 15 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। जानकारी के मुताबिक धमकी मोक्षित कॉरपोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा के परिवार को मिली है। शशांक चोपड़ा का नाम CGMSC घोटाला मामले में आरोपी के तौर पर सामने आ चुका है। मामले में कोतवाली पुलिस ने FIR दर्ज की है हालांकि पुलिस ने इसे संवेदनशील मामला बताते हुए फिलहाल आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल की मौजूदगी में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ किया।उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मेले में छत्तीसगढ़ के कलाकारों का उत्साह देखने लायक था। छत्तीसगढ़ की कलाकृतियों और हस्तशिल्प की जबरदस्त मांग देखने को मिली और पवेलियन के साथ ही अलग-अलग स्टॉल पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के बाद अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन में दिखी यह भीड़ प्रदेश की बढ़ती साख पहचान और प्रतिष्ठा को दर्शाती है। राजधानी रायपुर में जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप विधायक पुरंदर मिश्रा और कलेक्टर गौरव सिंह शामिल हुए। इस दौरान केदार कश्यप ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि 15 नवंबर को पूरे देश में उनकी जयंती जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाई गई। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया ऐसे महापुरुषों के योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। छत्तीसगढ़ में लगातार चक्रवाती तूफान और बेमौसम बारिश से किसानों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। रायपुर के राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर PCC चीफ दीपक बैज ने दावा किया कि 24 दिनों के भीतर प्रदेश में तीन तूफान आए जिससे करीब 80 फीसदी किसान प्रभावित हुए हैं। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार अब तक फसलों के नुकसान का सही तरीके से सर्वे तक नहीं करा पाई है। उन्होंने कहा कि पटवारी हड़ताल पर हैं ऐसे में नुकसान का सर्वे कौन करेगा। बैज ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार सिर्फ मुंह से सर्वे करने का काम कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी लेकिन प्राकृतिक आपदा ने उनकी फसल के साथ लागत और मेहनत पर भी पानी फेर दिया। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने और नुकसान के मुताबिक उचित मुआवजा देने की मांग की। चक्रवाती तूफान आकवान और बेमौसम बारिश से किसानों को हुए नुकसान को लेकर भाजपा सांसद एवं मुख्य प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय किसानों की परेशानी को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। संतोष पांडेय ने कहा कि किसानों को राहत पहुंचाने के लिए पूरा सरकारी अमला मुस्तैदी के साथ काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन लगातार जुटा हुआ है। मुंगेली जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की तीन दिवसीय हड़ताल का आज दूसरा दिन है। आंदोलन के दूसरे दिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में खाली थाली लेकर सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। पंडाल में एक साथ बजती थालियों के बीच नारे लगाए गए खाली थाली बोल रही है तो सरकार की पोल खुल रही है। आंगनबाड़ी संघ का आरोप है कि पिछले कई वर्षों से मांगों को लेकर ज्ञापन दिए जा रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। संघ ने साफ चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो थाली के बाद नगाड़े बजाए जाएंगे और आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदला जाएगा। आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं ने सरकार के नारी सम्मान के दावों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब तक मानदेय नहीं बढ़ेगा तब तक सम्मान की बात अधूरी है। संघ की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण तब तक 30 हजार रुपये मानदेय सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर पदोन्नति में आयु सीमा की छूट सेवा समाप्ति पर 10 हजार रुपये की एकमुश्त राशि और पोषण ट्रैकर सहित अन्य एप के लिए नया मोबाइल व 500 रुपये प्रतिमाह इंटरनेट खर्च शामिल है। संघ ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। आंदोलनकारियों का संदेश साफ हैथाली से नगाड़े तक और तीन दिन से अनिश्चितकालीन तक जब तक मानदेय नहीं बढ़ेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।