जबलपुर। शहर में एक शासकीय कर्मचारी द्वारा बिना कानूनी तलाक लिए दूसरा विवाह करने और अस्पताल में संतान होने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता दिशा जाट के भाई सुमित कुमार जाट ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनकी बहन का विवाह वर्ष 2018 में पंजाब नेशनल बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत शुभांशु जाट के साथ हुआ था। आरोप है कि बिना किसी अदालती तलाक और न्यायालय की डिक्री के बावजूद आरोपी ने दूसरी महिला से संबंध बनाए और दूसरा विवाह कर लिया जिससे कानून और अदालत के आदेशों की खुली अवहेलना हुई है। हाल ही में जब पीड़ित परिवार को एक अस्पताल में दूसरी महिला द्वारा पुत्री को जन्म दिए जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल अस्पताल पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को भी सूचित किया। सुमित कुमार जाट ने प्रशासनिक अधिकारियों और बैंक प्रबंधन से मांग की है कि ऐसे शासकीय कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य के जीवन के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो सके। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लेते हुए नियमों के तहत उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। जबलपुर । शहर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए घमापुर पुलिस और आबकारी विभाग ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मौके पर करीब 4000 लीटर से अधिक अवैध महुआ लाहन नष्ट किया जबकि 60 लीटर से ज्यादा अवैध शराब और एक किलो से अधिक गांजा भी बरामद किया। जब्त की गई कुल नशे की सामग्री की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला आरोपी रीता बंसिया को भी दबोचा है जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जबलपुर । पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम धीरखेड़ा में दबंगों द्वारा एक किसान के खेत से रात के अंधेरे में पकी हुई धान की फसल चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसानों सुजीत सिंह अजीत सिंह और सुजान सिंह ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी भूमि पर धान की फसल लहलहा रही थी जो पूरी तरह पककर तैयार थी। शिकायत के अनुसार बीती 15 नवंबर की रात को अनावेदकगण विजय सिंह उर्फ गुंडा कार्तिक राजपूत रिमित निहाल मोहित सिंह और अन्य हारवेस्टर व ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत में घुसे और चुपचाप पूरी फसल काटकर ले गए। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर जब पीड़ित मौके पर पहुँचे और हारवेस्टर को रोकने का प्रयास किया तो सभी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। चुराई गई लगभग 70 बोरा धान कीमत करीब 3 लाख रुपये पास ही एक खलियान में रख दी गई है। किसानों का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी फसल वापस मांगी तो आरोपियों ने लड़ाई-झगड़ा करने और जान से मारने की धमकी दी। फिलहाल पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जबलपुर । गोहलपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहाँ जहांगीर उस्मानी नामक युवक पर अपनी पहचान छिपाकर एक महिला से दोस्ती करने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शुरुआत में खुद को हिंदू बताकर नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में सच्चाई सामने आने पर उस पर इस्लाम कबूल करने व गोमांस खाने का दबाव बनाने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोहलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जबलपुर । विजय नगर थाना अंतर्गत पुरानी जगदम्बा कॉलोनी के रहवासियों और श्री शिव शक्ति जगदम्बा सेवा समिति ने कलेक्टर पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त को एक संयुक्त ज्ञापन सौंपकर कुछ स्थानीय लोगों पर प्राचीन मंदिर को तोड़ने और धार्मिक गतिविधियों में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार कॉलोनी में करीब 42 साल पुराने सार्वजनिक शिव शक्ति मंदिर जहाँ गौरी-शंकर हनुमान जी और शनिदेव सहित कई भव्य प्रतिमाएं स्थापित हैं की देखरेख और धार्मिक आयोजन जनसहयोग से किए जाते हैं। आरोप है कि वहां रहने वाले कुछ अन्य व्यक्तियों के द्वारा लगातार मंदिर को नुकसान पहुँचाने शनिदेव मंदिर की फेंसिंग तोड़ने का प्रयास करने और रहवासियों को धमकी देने जैसी हरकतें कर रहे हैं।आवेदन में यह भी बताया गया कि वर्ष 2020 में तहसीलदार अधारताल के न्यायालय द्वारा इस मंदिर के संबंध में आदेश पारित किया जा चुका है बावजूद इसके असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार विवाद पैदा किया जा रहा है। कॉलोनीवासियों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि नामजद अनावेदकों के विरुद्ध कड़ी दण्डात्मक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द और शांति बनी रहे। जबलपुर। हर्षित अग्रवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी पप्पू उर्फ बालकिशन कंजा को क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस बल आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुँचा जहाँ पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएशन कर मामले से जुड़े अहम तथ्य जुटाए गए। कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि गत 9 नवंबर को पीड़ित हर्षित अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बालकिशन कंजा और उसके साथियों ने उस पर जानलेवा हमला किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बालकिशन कंजा लॉर्डगंज थाने में दर्ज एक अन्य मामले में भी फरार चल रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की सुरागसाजी में जुटी है।