करीना कपूर ने पहना भोपाल की बेगम का 400 साल पुराना पेंडेंट कांग्रेस नेता ने भेजा लीगल नोटिस बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने भोपाल कोर्ट के जरिए करीना को लीगल नोटिस भेजा है। उनका आरोप है कि करीना ने अपनी पोस्ट में भोपाल रियासत की बेगमों की विरासत से जुड़ा करीब 400 साल पुराना पेंडेंट पहना है। इस पेंडेंट पर कुरान की आयतें लिखी हुई हैं। अब्बास हफीज के मुताबिक इसे शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम ने इबादत के उद्देश्य से बनवाया था न कि फैशन के लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें करीना के पहनावे या कलगी से आपत्ति नहीं बल्कि ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले पेंडेंट के इस्तेमाल पर सवाल है। कंगना रनोट ने बायोग्राफी को लेकर उठाए सवाल बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने सोनिया गांधी की बायोग्राफी को लेकर उन पर निशाना साधा है। कंगना ने कहा कि किताब लिखकर सोनिया गांधी ने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है। उन्होंने गांधी परिवार से जुड़े पुराने विवादों राजीव गांधी और मेनका गांधी को लेकर भी सवाल उठाए। कंगना ने सोनिया गांधी की कमाई और संपत्ति को लेकर सवाल करते हुए पूछा कि बिना कमाई के वह दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में कैसे शामिल हुईं। इसके अलावा उन्होंने गांधी परिवार में हुई कई मौतों का जिक्र करते हुए उन पर भी टिप्पणी की। क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने मॉडल समरीन कौर से की सगाई न्यूजीलैंड में किया प्रपोज भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने मॉडल समरीन कौर के साथ सगाई कर ली है। अर्शदीप ने न्यूजीलैंड में झील किनारे समरीन को घुटनों पर बैठकर अंगूठी पहनाई। समरीन ने इस खास पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। इसी साल मोहाली के पीसीए स्टेडियम में आईपीएल मैच के दौरान दोनों पहली बार साथ नजर आए थे। इसके बाद कई बार उनकी तस्वीरें सामने आईं। अब दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया है। लकी अली का बांग्लादेश टूर रद्द एआर रहमान का गुरुग्राम कॉन्सर्ट भी टला मशहूर गायक लकी अली का बांग्लादेश दौरा आखिरी समय में रद्द हो गया है। उन्हें 12 और 13 नवंबर को चटगांव और ढाका में लाइव परफॉर्म करना था। बताया जा रहा है कि फीस का भुगतान नहीं होने के चलते कार्यक्रम रद्द किया गया है। वहीं संगीतकार एआर रहमान का 21 नवंबर को गुरुग्राम के बैकयार्ड स्पोर्ट्स क्लब में होने वाला कॉन्सर्ट भी पोस्टपोन कर दिया गया है। लगातार दो बड़े संगीत कार्यक्रमों के टलने से उनके प्रशंसकों को निराशा हुई है। रणबीर कपूर की रामायण पार्ट-1 ऑस्कर के लिए सबमिट मराठी फिल्म गोंधळ से मुकाबला रणबीर कपूर स्टारर फिल्म रामायण: पार्ट-1 को 99वें ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए सबमिट किया गया है। खास बात यह है कि मराठी फिल्म गोंधळ को भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर पहले ही इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भेजा जा चुका है। रामायण को ऑस्कर की सामान्य कैटेगरी की डेडलाइन 12 नवंबर से ठीक पहले सबमिट किया गया है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या फिल्म ऑस्कर के नियमों और पात्रता की शर्तों पर खरी उतरेगी। हालांकि फिल्म सबमिट होने का मतलब ऑस्कर के लिए नामांकन मिलना नहीं है।