Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
28-Aug-2026

भाई-बहन के पवित्र पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू द्वारा लगातार चौथे वर्ष शहर की बहनों के लिए एक अनूठी और सराहनीय पहल की गई है। इस खास मौके पर शहर भर में चलने वाली मेट्रो बसों में सफर करने वाली सभी बहनों का किराया पूरी तरह माफ रखा गया है। इस योजना का औपचारिक शुभारंभ मालगोदाम चौक रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 6 के बाहर से किया गया। त्योहार के दौरान बहनों को अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में आना-जाना पड़ता है। ऐसे में मेट्रो बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से बहनों ने खुशी जताते हुए महापौर के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। यात्रियों ने कहा कि इस पहल से न केवल यातायात सुगम हुआ है बल्कि रक्षाबंधन के दिन यात्रा का खर्च खत्म होने से आर्थिक राहत भी मिली है। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय जेल में भाई-बहन के पवित्र प्रेम का भावुक दृश्य देखने को मिला। अपने बंदी भाइयों को राखी बांधने के लिए सुबह से ही 2000 से अधिक बहनें जेल पहुंचीं। जेल प्रशासन द्वारा नेताजी क्रीड़ांगन मैदान में बनाए गए विभिन्न जिलों के पंडालों में बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लंबे समय बाद एक-दूसरे के सामने आए भाई-बहन मुलाकात के दौरान बेहद भावुक हो उठे और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान कई बंदी भाइयों ने अपराध का रास्ता छोड़कर परिवार के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का संकल्प भी लिया। गढ़ा थाने के ठीक सामने एक महिला के हाई वोल्टेज हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला काफी देर तक बीच सड़क पर खड़ी होकर आने-जाने वाले वाहनों को रोकती रही जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित हुआ और बड़े हादसे का खतरा बना रहा। सड़क पर अचानक हुए इस ड्रामे से राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर महिला को सड़क से हटाया तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर झिन्ना मोहल्ला पहाड़ी मजार के पास दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में मोहित कोरी मयंक उर्फ रचित चौधरी देवांश श्रीवास्तव और एक 17 वर्षीय विधि विवादित बालक शामिल हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने नशे और घूमने-फिरने के शौक को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के कब्जे और निशानदेही से पुलिस ने चोरी की 7 दुपहिया गाड़ियां बरामद की हैं जो हनुमानताल सिहोरा खितौला के अलावा लखनादौन सिवनी कटनी और मंडला से चुराई गई थीं। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।